Hamirpur News:पोलियो कार्यक्रम की तर्ज पर चलेगा स्वगणना अभियान – The Self-enumeration Drive Will Be Conducted Along The Lines Of The Polio Programme
हमीरपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों एवं जिले में अधिकाधिक स्वगणना कराने के लिए डीएम ने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। डीएम ने कहा कि जिस तरह पल्स पोलियो कार्यक्रम कराया जाता है, उसी तर्ज पर स्वगणना अभियान चलाया जाएगा।
बुधवार को डीएम अशोक कुमार ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत प्रेसवार्ता कर आगामी 16 से 30 नवंबर तक विशेष स्वगणना अभियान चलाए जाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि तिथिवार सभी विभागों में प्रगणक और अधिकारी मोबाइल के प्ले स्टोर पर जाकर se.census.gov.in पोर्टल अपलोड कराएंगे और इसे खोलकर घर बैठे अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य कराएंगे। कहा कि पोलियो अभियान की तर्ज पर जनगणना कार्यक्रम के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया जाए, ताकि ग्रामीण, नगरीय एवं जिला मुख्यालय क्षेत्र का कोई भी परिवार छूटने न पाए। इसके लिए प्रशासनिक, न्यायिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिनवार एवं क्षेत्रवार नोडल अधिकारी नामित कर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधान, कोटेदार, पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवकों के माध्यम से अभियान को प्रभावी बनाया जाएगा। वहीं सीडीओ अरुण कुमार सिंह ने स्वगणना की तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्ययोजना पर चर्चा की और व्यापक प्रचार-प्रसार की अपील की है।
जनगणना प्रशिक्षण संपन्न
नगर पालिका परिषद के सभागार में जनगणना फेज-2 के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 31 अक्तूबर, 2 नवंबर एवं 4 नवंबर को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान दो फील्ड ट्रेनरों द्वारा कुल 48 सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को जनगणना कार्य का विधिवत प्रशिक्षण दिया गया। वहीं पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद एवं चार्ज अधिकारी हेमराज ने सभी सुपरवाइजर, प्रगणकों एवं फील्ड ट्रेनरों को जनगणना कार्य पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के लिए प्रेरित किया।
मोबाइल चलाने में दक्ष 10 युवाओं की तैयार करें टीम
डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रत्येक गांव में स्मार्ट मोबाइल चलाने में दक्ष 10 युवाओं या कर्मियों की टीम तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यह टीम अभियान के शुरुआती दिनों में गांव-गांव जाकर नागरिकों को मोबाइल के माध्यम से स्व-गणना प्रपत्र भरने में आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी, इससे तकनीकी जानकारी के अभाव में कोई भी परिवार इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
