मुस्करा (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के फटन के पुल के पास बुधवार रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। वहीं बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। घटनास्थल पर टूटा हुआ हेलमेट भी मिला है।
हुसैना गांव निवासी वेदप्रकाश वर्मा ने बताया कि उनका भाई अवधेश (20 वर्ष) और चचेरा भाई विकास (30 वर्ष) मुस्करा में बहन के पास रोचना करवाने गए थे। रात करीब 9:30 बजे गांव लौटते समय फटन के पुल से पहले बाइक में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में अवधेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस माैके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी भेजा जहां डॉ. मनुलिका वर्मा ने अवधेश को मृत घोषित कर दिया जबकि विकास का प्राथमिक उपचार कर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कौशल सिंह ने बताया कि ट्रक और बाइक को कब्जे में लिया गया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। परिजन की शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।