Rampur News:नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज – Fir Registered Against A Youth On Charges Of Raping A Minor
दढ़ियाल। कोतवाली टांडा क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर पीड़िता के साथ मारपीट की और किसी को बताने पर उसे और उसके छोटे भाई को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का ही एक युवक पिछले कुछ समय से उसकी नाबालिग बहन के साथ छेड़खानी कर रहा था। वह कई बार इसका विरोध भी कर चुकी थी। आरोप है कि 22 सितंबर को भाई की तबीयत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे इलाज के लिए शाहबाद में एक भगत के पास ले गए थे। इसके बाद लौटते समय परिजन मुरादाबाद जिले के एक गांव में अपनी रिश्तेदार के घर रुक गए। इस दौरान नाबालिग घर पर अपने छोटे भाई के साथ अकेली थी।
आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर सोनू घर में घुस आया और नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और घटना किसी को बताने पर दोनों भाई-बहन को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी पर घर के मोबाइल नंबर पर फोन कर धमकाने का भी आरोप है।
पीड़िता डर के कारण कई दिनों तक चुप रही। बाद में उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे काशीपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां करीब आठ दिन तक उसका इलाज चला। भाई के मुताबिक, घर लौटने के बाद पीड़िता ने आत्महत्या करने की कोशिश की। इसके बाद परिवार के पूछने पर उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ टांडा पंकज पंत ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
