Kasganj News:राशन कार्डधारकों के लिए राहत, कल से मिलेगा निशुल्क खाद्यान्न – Relief For Ration Card Holders; Free Food Grains To Be Available Starting Tomorrow
कासगंज। जनपद के राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर 6 से 30 नवंबर तक निशुल्क खाद्यान्न वितरण किया जाएगा।
इसके तहत अंत्योदय और पात्र गृहस्थी श्रेणी के कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में गेहूं और चावल उपलब्ध कराया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार ने सभी लाभार्थियों से तय अवधि में अपनी उचित दर दुकान से राशन प्राप्त करने की अपील की है।
वितरण में अनियमितता या कम राशन मिलने पर लाभार्थी जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी या पूर्ति निरीक्षक से संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
किसे मिलेगा कितना राशन
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न (21 किलो गेहूं और 14 किलो चावल) दिया जाएगा। वहीं, पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलोग्राम अनाज (3 किलो गेहूं और 2 किलो चावल) पूरी तरह निशुल्क मिलेगा।
वितरण का समय सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी दुकानों पर नोडल अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। विक्रेताओं को ई-पॉस मशीन से निकली प्रिंटेड पर्ची देना अनिवार्य होगा जिस पर शून्य मूल्य अंकित होगा।
पोर्टेबिलिटी और ओटीपी की मिलेगी सुविधा
वितरण के दौरान पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन की सुविधा भी मिलेगी जिससे कार्डधारक अपनी सुविधा के अनुसार दूसरी दुकान से भी राशन ले सकेंगे। यह सुविधा दुकान में उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक ही होगी। वहीं, 30 नवंबर को आधार प्रमाणीकरण में असफल रहने वाले उपभोक्ताओं को मोबाइल ओटीपी वेरिफिकेशन के जरिए राशन प्राप्त करने की सुविधा दी जाएगी।
