शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Unnao News:ससुरालियों पर कार्रवाई के लिए पुरवा-पाटन मार्ग साढ़े तीन घंटे किया जाम – Unnao News
उन्नाव

Unnao News:ससुरालियों पर कार्रवाई के लिए पुरवा-पाटन मार्ग साढ़े तीन घंटे किया जाम – Unnao News

November 5, 2026


पुरवा। बेटी की बीमारी की सूचना पर मिलने ससुराल पहुंचा 35 वर्षीय युवक संदिग्ध हालात में झुलस गया था। लखनऊ स्थित अस्पताल में इलाज के दाैरान उसकी माैत हो गई। भाई ने युवक की पत्नी, ससुर और साले पर मारपीट कर पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप लगाया है। ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने शव पुरवा-पाटन मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास बने दोनों घरों को सील कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए।

बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी संजय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके भाई करन की शादी तीन साल पहले पुरवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शीतलगंज निवासी फकीरेलाल की बेटी प्रीति से हुई थी। आपसी विवाद के चलते वर्ष 2025 में दोनों का संबंध विच्छेद हो गया था। इसके बाद भी प्रीति बीच-बीच में करन को फोन कर बेटी के पालन-पोषण के लिए रुपये मांगती थी। संजय के मुताबिक तीन दिन पहले प्रीति ने करन को फोन कर बेटी की तबीयत खराब होने और इलाज के लिए रुपये की जरूरत बताई थी। साथ ही रुपये लेकर खुद आने के लिए कहा था।

आरोप है कि सोमवार देर रात वहां पहुंचने पर विवाद हो गया। इस पर ससुर फकीरेलाल, पत्नी प्रीति और साले सौरभ उर्फ मानू ने करन के साथ मारपीट की और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे करन को लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की सूचना पर परिजन शव लेकर सीधे पुरवा पहुंचे और सुबह करीब 11:30 बजे पुरवा-पाटन मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ अरविंद चौरसिया, पुरवा कोतवाल भवन सिंह मौर्य समेत मौरावां, असोहा, क्यूआरटी और पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और घर सील करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने दोनों घर सील कर जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया। शाम करीब तीन बजे परिजन माने और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर पत्नी, ससुर और साले के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

एक दिन के इलाज का बनाया एक लाख रुपये बिल

भाई संजय ने बताया कि करन को लखनऊ के जिस निजी अस्पताल में पहले भर्ती कराया गया था, वहां के स्टाॅफ ने पूरे दिन का एक लाख रुपये का बिल बना दिया। हम लोग खेती कर परिवार चलाते हैं। जैसे-तैसे कर्ज लेकर अस्पताल का बिल अदा किया, बाद में दूसरे सस्ते अस्पताल में भर्ती कराया था। रात भर वहीं इलाज हुआ और भोर पहर भाई ने दम तोड़ दिया। पुलिस पर आरोप लगाया कि सोमवार रात जब पहले वहां लड़ाई हुई थी, तब यूपी-112 को बुलाया गया था। पुलिस दोनों को समझाकर चली गई थी, अगर उसी समय कार्रवाई कर देती तो शायद भाई की जान बच जाती।

करन (फाइल फोटो)

करन (फाइल फोटो)– फोटो : Archive

करन (फाइल फोटो)

करन (फाइल फोटो)– फोटो : Archive

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X