Lalitpur News:दिवाली में निकल सकता है सेहत का दिवाला, डॉक्टरों ने चेताया – Diwali Could Spell Disaster For Your Health, Doctors Warn
ललितपुर। दिवाली पर्व पर पटाखों के अत्यधिक उपयोग से ध्वनि और वायु प्रदूषण में वृद्धि होगी। चिकित्सकों ने लोगों की सेहत पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पटाखों की धूम से श्वास रोगियों को सांस फूलने की समस्या हो सकती है। वहीं, हृदय रोगियों की धड़कन बढ़ने का खतरा रहता है। एलर्जी के मरीजों की परेशानी भी इस दौरान बढ़ जाती है। मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. विनय सोनी ने इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पटाखों के धुएं से अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों की सांस फूलने का खतरा अधिक होता है। बच्चे और बुजुर्गों को इससे ज्यादा समस्या हो सकती है। हृदय रोगी और रक्तचाप के मरीजों को पटाखों की तेज ध्वनि से बचना चाहिए। तेज आवाज उनकी धड़कन बढ़ा सकती है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
बचाव और सावधानी के उपाय
चिकित्सकों ने लोगों को मास्क पहनने और धुएं से बचाव करने की सलाह दी है। श्वास के मरीजों को नियमित रूप से इन्हेलर का प्रयोग करना चाहिए। शुगर के मरीजों को अपने खान-पान में संयम बरतना आवश्यक है। उन्हें अपनी दवाइयां का सेवन भी नियमित रूप से करते रहना चाहिए। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
इस तरह करें बचाव
– घर से बाहर निकलने पर मास्क पहनें।
– धुएं से बचाव करें।
– दमा के मरीज इन्हेलर लें।
– अधिक मात्रा में पानी पिएं।
– तेल मसाला व तली-भुनी वस्तुओं के सेवन से बचें।
– तेज आवाज वाले पटाखों से दूरी बनाएं
फोटो- 01
अस्थमा व सीओपीडी के मरीज धुएं से बचाव करें। हृदय रोगी तेज ध्वनि से दूरी बनाएं। दवाइयों का नियमित सेवन करें।
डॉ. विनय सोनी, सहायक आचार्य, मेडिसिन विभाग, मेडिकल कॉलेज
