Gurugram News:आरएमसी प्लांट अब शहर से बाहर लगेंगे – Rmc Plants Will Now Be Set Up Outside The City
गुरुग्राम। शहर में रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों के अनियंत्रित संचालन से वायु प्रदूषण और सड़कों को नुकसान हो रहा है। अब इन प्लांटों को नगर निगमों की सीमा से बाहर निर्धारित आरएमसी जोन में स्थापित किया जाएगा। हरियाणा सरकार के शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने एक समिति के गठन की जानकारी दी। यह समिति आरएमसी प्लांटों के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करेगी। गुरुग्राम के अतिरिक्त उपायुक्त इसके अध्यक्ष होंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समिति को समयबद्ध प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। समिति नगर निगमों की सीमाओं से बाहर सरकारी और पंचायती भूमि की तलाश करेगी। इस पहल से शहर में भारी वाहनों की आवाजाही कम होगी, प्रदूषण नियंत्रित होगा और पर्यावरण सुरक्षित रहेगा। ब्यूरो
