Noida News:यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची में बदलाव, अब 59 केंद्रों पर होगी परीक्षा – Changes Made To The List Of Up Board Examination Centers; Exams Will Now Be Held At 59 Centers
– तीन नए केंद्र शामिल करने का प्रस्ताव, दो पुराने केंद्र हटाए गए, 26 आपत्तियों में 23 का निस्तारण
ग्रेटर नोएडा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए निर्धारित केंद्रों की सूची में आपत्तियों की सुनवाई के बाद बदलाव किया गया है। जिले में पहले घोषित 58 परीक्षा केंद्रों की सूची में तीन नए केंद्र शामिल करने का प्रस्ताव दिया गया है, जबकि दो पूर्व निर्धारित केंद्रों को हटाया गया है। इस बदलाव के बाद परीक्षा केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 59 हो जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि यूपी बोर्ड की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले में 58 केंद्र निर्धारित किए गए थे। सूची जारी होने के बाद विभिन्न विद्यालयों और संबंधित पक्षों की ओर से केंद्रों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। इन आपत्तियों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनवाई की गई।
सुनवाई के दौरान कुल 26 आपत्तियां सामने आईं। इनमें से 23 का निस्तारण कर दिया गया, जबकि तीन शिकायतें जांच में सही नहीं पाई गईं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इसके तहत तीन नए परीक्षा केंद्रों को शामिल करने और दो पुराने केंद्रों को हटाने का प्रस्ताव दिया गया है। इस तरह केंद्रों की संख्या में एक की शुद्ध बढ़ोतरी होगी। पहले जहां 58 केंद्रों पर परीक्षा होनी थी, वहीं अब प्रस्तावित बदलाव के बाद 59 केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इससे परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में मदद मिलेगी। ब्यूरो
