शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गाज़ियाबाद

Ghaziabad News:आईजीआरएस निस्तारण में गाजियाबाद पुलिस प्रदेश में अव्वल – Ghaziabad Police Ranks First In The State For Igrs Grievance Redressal

November 5, 2026


गाजियाबाद। जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अक्तूबर की शासन स्तर पर हुई समीक्षा के बाद जारी रैंकिंग में कमिश्नरेट ने यह उपलब्धि प्राप्त की। कमिश्नरेट के 25 थानों में से 19 थानों का प्रदर्शन बेहतर रहा। इनमें खोड़ा, लिंक रोड, अंकुर विहार, विजयनगर और नंदग्राम थाने अव्वल रहे।

डीसीपी मुख्यालय बलवंत चौधरी ने बताया कि एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के तहत पोर्टल पर मिलने वाली शिकायतों के निस्तारण में पुलिस ने समयबद्धता के साथ गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया। शिकायत मिलते ही उसका संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच की गई और शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान कराया गया। निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई पूरी करने के साथ पोर्टल पर निस्तारण की आख्या भी अपलोड की गई। शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी गई। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की गई। इसी का नतीजा रहा कि गाजियाबाद कमिश्नरेट ने प्रदेश की रैंकिंग में पहला स्थान प्राप्त किया।

इन 19 थानों का रहा बेहतर प्रदर्शन

रैंकिंग में खोड़ा, लिंक रोड, अंकुर विहार, विजयनगर, नंदग्राम, मसूरी, मोदीनगर, टीला मोड़, कौशांबी, साहिबाबाद, मुरादनगर, लोनी बॉर्डर, मधुबन बापूधाम, ट्रोनिका सिटी, शालीमार गार्डन, भोजपुर, कविनगर, क्रॉसिंग रिपब्लिक और सिहानी गेट थानों ने बेहतर प्रदर्शन किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X