Chandigarh News:दिवाली-छठ पर घर जाने वालों को राहत, छह ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त कोच – Relief For Those Heading Home For Diwali And Chhath, Additional Coaches To Be Added To Six Trains
चंडीगढ़। दिवाली और छठ पूजा पर अपने घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़, अंबाला और कालका से चलने वाली छह लंबी दूरी की ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की योजना बनाई है। इन ट्रेनों में दो से चार अतिरिक्त कोच जोड़े जा सकते हैं। कुछ ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 300 से 400 तक पहुंच चुकी है। ऐसे में इस योजना से चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और आसपास के यात्रियों को राहत मिल सकती है। रेलवे की योजना के तहत उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। इसके लिए अंबाला मंडल ने प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय को भेज दिया है। हालांकि, कोच की उपलब्धता और परिचालन संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए अंतिम फैसला लिया जाएगा।
तीन स्लीपर कोच से 240 यात्रियों को मिलेगी जगह
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, एक अतिरिक्त स्लीपर कोच में करीब 80 यात्रियों के लिए बर्थ उपलब्ध होती हैं। ऐसे में तीन अतिरिक्त स्लीपर कोच लगने से करीब 240 यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिल सकती हैं। रेलवे एलएचबी कोच वाली ट्रेनों में कोचों की संख्या 22 और आईसीएफ कोच वाली ट्रेनों में 24 तक करने की संभावना पर भी विचार कर रहा है।
जनरल डिब्बों में भी पैर रखने की जगह नहीं
त्योहारों पर स्लीपर और एसी ही नहीं, जनरल डिब्बों में भी भारी भीड़ उमड़ रही है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में काम करने वाले बड़ी संख्या में लोग दिवाली और छठ पर उत्तर प्रदेश व बिहार स्थित अपने घर लौटते हैं। इससे ट्रेनों में सीटों की मांग बढ़ जाती है। लंबी वेटिंग के कारण यात्रियों को टिकट कंफर्म होने का इंतजार करना पड़ रहा है। अब सबकी नजर रेलवे के अंतिम आदेश और अतिरिक्त कोच लगाने की तारीख पर है।
इन छह ट्रेनों में बढ़ सकती है सीटें
1. चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस
2. चंडीगढ़-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस
3. अंबाला-बरौनी एक्सप्रेस
4. अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस
5. कालका-हावड़ा मेल
6. चंडीगढ़-गोरखपुर एक्सप्रेस
