नारनौल। नागरिक अस्पताल में पिछले चार महीने से बंद मोतियाबिंद के ऑपरेशन जल्द दोबारा शुरू होने की उम्मीद है। अस्पताल में नई सर्जिकल माइक्रोस्कोप मशीन पहुंच चुकी है। जुलाई माह में पुरानी मशीन खराब होने के कारण आंखों के ऑपरेशन बंद हो गए थे। इससे मरीजों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा था।
मशीन खराब होने से सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग मरीजों को उठानी पड़ रही थी। मोतियाबिंद के कारण उन्हें देखने में दिक्कत होती थी और ऑपरेशन के लिए दूसरे अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। नागरिक अस्पताल में रोजाना करीब 150 मरीज आंखों की ओपीडी में आते हैं। इनमें 10 से 15 मरीज मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए पहुंचते हैं।
10 दिन में शुरू होगी सुविधा
नागरिक अस्पताल के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय डबास ने बताया कि नई सर्जिकल माइक्रोस्कोप मशीन अस्पताल पहुंच गई है। मशीन को इंस्टॉल करने और तकनीकी प्रक्रिया पूरी करने में करीब 10 दिन लगेंगे। इसके बाद मोतियाबिंद के ऑपरेशन दोबारा शुरू कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन शुरू होने से नारनौल और आसपास के क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही इलाज की सुविधा मिल सकेगी और उन्हें निजी अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा।