Mahendragarh-narnaul News:नगूरां खरीद केंद्र पर किसानों ने किया प्रदर्शन, विरोध के बाद शुरू हुई धान की खरीद – Farmers Staged A Protest At The Naguran Procurement Centre; Paddy Procurement Commenced Following The Protest
जींद। नगूरां खरीद केंद्र पर धान की सरकारी खरीद को लेकर किसानों और एजेंसी के बीच विवाद गहरा गया। बुधवार को खरीद बंद होने से नाराज किसानों ने वीरवार को किसान यूनियन के पदाधिकारियों के साथ केंद्र पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने सरकार और खरीद एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी कर धान की खरीद शुरू करने की मांग उठाई।
मामला बढ़ता देख नगूरां चौकी प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और एजेंसी के उच्चाधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद केंद्र पर दोबारा खरीद शुरू हुई। वीरवार को करीब पांच हजार क्विंटल धान की खरीद की गई।
किसानों का आरोप है कि खरीद केंद्र पर पिछले करीब 20 दिनों से उनकी धान की फसल पड़ी है लेकिन एजेंसी की ओर से खरीद में लगातार देरी की जा रही है। वे अपनी फसल को पंखों के माध्यम से सुखाने की व्यवस्था पहले से ही कर रहे हैं। इसके बावजूद नमी और सफाई का हवाला देकर खरीद बंद कर दी जाती है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पूरी फसल की खरीद नहीं की गई तो किसान यूनियन किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने उचाना विधायक देवेंद्र अत्री से भी मामले में हस्तक्षेप कर खरीद सुचारु करवाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, उचाना एसडीएम सुमन यादव के निर्देश पर मंगलवार को खरीद केंद्र पर करीब दो हजार क्विंटल धान की खरीद की गई थी, लेकिन अगले ही दिन एजेंसी ने खरीद बंद कर दी। किसानों को धान की सफाई और पंखों से सुखाने का हवाला दिया गया। इससे नाराज किसान यूनियन निम्नाबाद सफीदों के प्रधान सुखदेव पटवारी, सफीदों ब्लॉक प्रधान दिलबाग, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रवक्ता छज्जूराम कंडेला, जिला प्रधान नवीन मलिक और राजेश झोरड़ किसानों के साथ केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने कार्यालय के गेट के सामने बैठकर प्रदर्शन किया और खरीद एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों ने सवाल उठाया कि यदि धान में नमी और सफाई की कमी थी तो एसडीएम के निर्देश पर मंगलवार को खरीद कैसे शुरू की गई थी। किसानों का कहना है कि बार-बार खरीद बंद होने से उनकी फसल केंद्र पर पड़ी है और उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।
एजेंसी अधिकारी के खिलाफ पुलिस को शिकायत
प्रदर्शन के दौरान एजेंसी अधिकारी और उसके साथ आए एक व्यक्ति के साथ किसानों की बहस भी हुई। इसके बाद किसानों और यूनियन पदाधिकारियों ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को पत्र दिया। चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है लेकिन यह संबंधित विभाग का मामला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खरीद शुरू करवा दी थी जिसके बाद किसान और यूनियन पदाधिकारी शांत हो गए।

12जेएनडी12: नगूरां खरीद केंद्र पर धान की खरीद को लेकर नारेबाजी करते किसान और यूनियन पदाधिकारी।
