Panipat News:धान की कटाई अंतिम दौर में, अब गेहूं की बिजाई के लिए खेत तैयार करने में जुटे किसान – Paddy Harvesting Is In Its Final Stages; Farmers Are Now Busy Preparing Their Fields For Wheat Sowing
– जिले में 85 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई का लक्ष्य, दिवाली के बाद पकड़ेगी रफ्तार
– यूरिया और डीएपी खाद की खेप पहुंची, खेतों की तैयारी के साथ कृषि सामग्री जुटाने में लगे किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिले में धान की कटाई का सीजन अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। इसके साथ ही किसान गेहूं की बिजाई की तैयारियों में जुट गए हैं। खेतों से धान की फसल समेटने के बाद किसान पराली प्रबंधन, खेत की जुताई और मिट्टी को बिजाई के अनुकूल बनाने में लगे हैं। इस सीजन में जिले में लगभग 85 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं और करीब 12 हजार हेक्टेयर में गन्ने की बिजाई किए जाने का अनुमान है।
फिलहाल जिले के अधिकतर गांवों में धान की कटाई का काम जारी है। जिन किसानों की फसल कट चुकी है, उन्होंने गेहूं की बिजाई के लिए खेत तैयार करने शुरू कर दिए हैं। कुछ किसान एक ही खेत में गेहूं के साथ गन्ने की बिजाई कर एक साथ दोहरी फसल का लाभ लेने की तैयारी कर रहे हैं। दिवाली के बाद खेतों में बिजाई का काम तेजी पकड़ने की संभावना है। किसान समय पर बिजाई करने के लिए बीज, खाद और अन्य कृषि सामग्री का इंतजाम भी कर रहे हैं।
उधर, गेहूं की बिजाई के सीजन को देखते हुए बाजार और खाद वितरण केंद्रों पर भी तैयारियां की जा रही हैं। जिले में यूरिया और डीएपी खाद की खेप पहुंच चुकी है। किसानों को उम्मीद है कि बिजाई के दौरान खाद की उपलब्धता बनी रहेगी। कृषि विभाग की ओर से भी किसानों को निर्धारित समय पर बिजाई करने और संतुलित मात्रा में खाद का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है। वहीं, कृषि अधिकारियों का कहना है कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। आवश्यकतानुसार समय-समय पर खाद की खेप मंगाई जाती हैं ताकि किसानों को खाद की कोई कमी न हो।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
– गेहूं की बिजाई के लिए प्रमाणित बीज का चयन करें।
– मिट्टी की जांच के आधार पर खाद का इस्तेमाल करें।
– डीएपी और यूरिया का संतुलित मात्रा में प्रयोग करें।
– धान के अवशेष जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करें।
– समय पर बिजाई कर फसल को अनुकूल मौसम का लाभ दिलाएं।
वर्जन-
जिले में लगभग 85 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई किए जाने का अनुमान है। धान की कटाई पूरी होने के साथ ही गेहूं की बिजाई में तेजी आएगी। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे कृषि विशेषज्ञों की सिफारिश के अनुसार खाद का इस्तेमाल करें और अच्छी गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीजों की बिजाई करें। समय पर बिजाई करने से फसल की बेहतर पैदावार लेने में मदद मिलती है।
– डॉ. देवेंद्र कुहाड़, कृषि उप मंडल अधिकारी, पानीपत।
34
