Mathura News:खाद की दुकानों पर छापे, चार के लाइसेंस निलंबित – Raids On Fertilizer Shops; Four Licenses Suspended
मथुरा। खाद की कालाबाजारी और अनियमित बिक्री रोकने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने नौ विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए, जबकि चार के उर्वरक प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिए गए।
जिलाधिकारी के आदेश पर चार नवंबर को जिले के सभी 10 विकास खंडों में 46 सहकारी और निजी खाद प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। जनपद में कई खाद विक्रेताओं के यहां अनियमिताएं मिलने पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इन प्रतिष्ठानों पर खाद की खरीद-बिक्री भी रोक दी गई है।
जिला कृषि अधिकारी आदेश कुमार सिंह ने बताया कि उप जिलाधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने जांच की। इसमें मांट, फरह, गोवर्धन, बरसाना और अन्य क्षेत्रों के खाद प्रतिष्ठान शामिल रहे। फरह स्थित चौधरी एग्रो एजेंसी, अग्रवाल खाद बीज भंडार, दक्षिण खाद बीज भंडार और पारस खाद भंडार के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
पीओएस मशीन पर अंगूठा लगाकर लें खाद
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से आधार कार्ड और खतौनी के साथ पीओएस मशीन पर अंगूठा लगाकर ही खाद खरीदने की अपील की है। बिक्री रजिस्टर में नाम दर्ज कराकर हस्ताक्षर भी करें। बिना पीओएस प्रक्रिया खाद देने वाले विक्रेता की शिकायत मोबाइल नंबर 8272893015 पर करें।
