बच्चों की हत्या करने वाली मां का कृत्य मानव सभ्यता को शर्मसार करने वाला :अदालत – The Act Of The Mother Who Killed Her Children Is A Shame On Human Civilization: Court
मां को बच्चे सबसे अधिक भरोसे और सुरक्षा का आधार मानते हैं, लेकिन तीन बच्चों की हत्या करने वाली मां का कृत्य न केवल मां-बच्चों के रिश्ते, बल्कि पूरी मानव सभ्यता को शर्मसार करने वाला है। यह सख्त टिप्पणी बृहस्पतिवार को अपर सत्र न्यायाधीश, कक्ष संख्या-एक शक्ति सिंह की अदालत ने तीन बच्चों की हत्या के मामले में की। अदालत ने आरोपी सुनीता देवी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
अभियोजन के अनुसार, 15 अगस्त 2022 को सुहवल थाना क्षेत्र के ढढ़नी भानमल राय गांव में सुनीता देवी ने अपने तीन बच्चों हिमांशु, प्रियांशु उर्फ पीयूष और सुप्रिया को चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। तीनों बच्चों की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर बच्चों के चाचा बुल्लू यादव ने सुहवल थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से सात गवाह पेश किए गए। साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने सुनीता देवी को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दोषी ठहराया।
निर्णय में अदालत ने टिप्पणी की कि भारतीय सामाजिक व्यवस्था में मां का स्थान बच्चों के लिए ईश्वर के समान माना जाता है। बच्चे पूरे परिवार में सबसे अधिक भरोसा, विश्वास और सुरक्षा अपनी मां से महसूस करते हैं। इसके बावजूद आरोपी ने जिन बच्चों को नौ माह तक गर्भ में रखकर जन्म दिया, उनके प्रति ऐसी क्रूरता की, जो मां और बच्चों के रिश्ते के साथ पूरी मानव सभ्यता को शर्मसार करने वाली है।
यह था मामला
15 अगस्त 2022 को रेवतीपुर थाना क्षेत्र के साईत बांध निवासी सुनीता देवी अपने दो पुत्रों और पुत्री के साथ रक्षाबंधन के दिन मायके ढढनी भानमल राय गांव आई हुई थी। करीब दो दिन पूर्व मोबाइल पर पति बालेश्वर यादव और देवर बुल्लू यादव से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिससे वह काफी नाराज थी। इसी बात को लेकर सुनीता यादव ने अपने दो पुत्रों बब्बी उर्फ हिमांशु (11), प्रियांशु उर्फ पीयूष (8) और पुत्री सुप्रिया (7) को चाय में जहर दे दिया। तीनों मासूमों की हालत गंभीर होने पर मायके के लोग उन्हें निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टरों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान प्रियांशु उर्फ पियूष की मौत हो गई। जबकि बड़े पुत्र बब्बू उर्फ हिमांशु और पुत्री दिव्यांशु की वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
