Saharanpur News:ट्रांसफार्मर का तार चोरी करते छह आरोपी गिरफ्तार – Six Accused Arrested For Stealing Transformer Wire
सहारनपुर। देहात कोतवाली पुलिस ने ट्रांसफार्मर का तार चोरी करने के आरोप में छह युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 29 किलोग्राम तांबे का तार, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और दो अवैध चाकू बरामद हुए हैं।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी का तांबे का तार लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने सरकड़ी शेख से चाटका जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर छह युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 29 किलोग्राम तांबे का तार बरामद हुआ। इसके अलावा दो प्लास, दो चाबियां, एक हथौड़ी, एक पेचकस और छैनीनुमा सरिया भी मिला। दो आरोपियों के पास से अवैध चाकू भी बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजाद, मुजम्मिल, राहिल, सुहैल उर्फ सन्नू और बिलाल निवासी गांव सरकड़ी शेख और शाहिद निवासी गांव हाकिमपुरा के रूप में हुई है।
दबिश और चेकिंग में पकड़े छह वारंटी
सहारनपुर। कोतवाली मंडी पुलिस ने छह वारंटियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी थे। सीओ प्रथम सारिका चौधरी ने बताया कि
गिरफ्तार आरोपियों में इरफान निवासी पीर बड़ौली, झिंझाना (शामली), नसीरा उर्फ नसीर निवासी तेलियों वाला चौक, मोहम्मद अहमद निवासी पुल बंजारान, शोएब, अजीम और खाताखेड़ी निवासी शोएब को पकड़ा है। इन सभी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
लोहे की कुर्सी से सिर पर किया था जानलेवा हमला, एक आरोपी गिरफ्तार
सहारनपुर। गणपत सराय पुल बंजारान में युवक के सिर पर लोहे की कुर्सी से जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली मंडी पुलिस ने एक वांछित को गिरफ्तार किया है। सीओ प्रथम सारिका चौधरी ने बताया कि गणपत सराय पुल बंजारान निवासी हुसैन ने तीन नवंबर को कोतवाली मंडी में तहरीर देकर बताया था कि जावेद, निजाम और अन्य अज्ञात लोगों ने उसके भाई हमजा और अब्दुल करीम के साथ गाली-गलौज की थी। विरोध करने पर आरोपियों ने हमजा के सिर पर लोहे की कुर्सी से दो से तीन बार वार किए। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मंडी पुलिस ने बृहस्पतिवार को लक्खीगेट स्थित मीट मार्केट में दबिश देकर निजाम निवासी लोहानी सराय को गिरफ्तार कर लिया।
