शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फरीदाबाद

Faridabad News:12 साल तक फरार रहा हत्या का आरोपी, जमानत से किया इन्कार – Murder Accused Remained On The Run For 12 Years; Bail Denied

November 6, 2026


2012 में हुई थी हत्या, पहले जमानत मिलने के बाद आरोपी हो गया था फरार

अमर उजाला ब्यूरो

फरीदाबाद। करीब 14 साल पुराने हत्या के मामले में आरोपी को अदालत से राहत नहीं मिली। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार की अदालत ने आरोपी लाल सिंह की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी। आरोपी पहले जमानत मिलने के बाद अदालत में पेश नहीं हुआ था और उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। अदालत ने माना कि आरोपी मुकदमे की सुनवाई से बचने के लिए लंबे समय तक फरार रहा।

अदालती रिकॉर्ड के अनुसार, मामला 19 जुलाई वर्ष 2012 का है। बल्लभगढ़ के चावला कॉलोनी स्थित केसर नर्सिंग होम में गांव छपरौला निवासी बिजेंद्र अपने बीमार बेटे साहिल के उपचार के लिए आए हुए थे। इसी दौरान उसके पिता जगदीश, भाई सुभाष और रिश्तेदार किशन नर्सिंग होम पहुंचे। आरोप है कि वहां अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। अंदर पहुंचने पर उन्होंने राजकुमार, राजा, राम सिंह, लाल सिंह और अन्य लोगों को हथियारों से लैस देखा। आरोपियों ने बिजेंद्र के सीने, पेट और सिर में गोलियां मारीं और स्कॉर्पियो गाड़ी में फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने हत्या के पीछे वर्ष 2010 में सरपंच चुनाव की रंजिश बताई थी। इस मामले में बल्लभगढ़ शहर थाना में 21 जुलाई 2012 को हत्या, आपराधिक साजिश और साक्ष्य मिटाने सहित आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने लाल सिंह को नौ सितंबर 2012 को गिरफ्तार किया था। बाद में उसे जमानत मिल गई, लेकिन वह एक जुलाई 2014 को अदालत में पेश नहीं हुआ। छह अक्तूबर 2014 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया। करीब 12 साल तक फरार रहने के बाद उसे 25 अप्रैल 2026 को दोबारा गिरफ्तार किया गया। तब से वह न्यायिक हिरासत में है। बचाव पक्ष ने अदालत में दलील दी कि आरोपी को झूठा फंसाया गया है। मामले के अन्य आरोपियों को 29 नवंबर 2017 को अदालत बरी कर चुकी है। अब मुकदमे की सुनवाई में लंबा समय लग सकता है। वहीं, सरकारी पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी पहले भी जमानत का दुरुपयोग कर फरार हो चुका है और दोबारा जमानत मिलने पर उसके फिर से फरार होने की आशंका है। इस आधार पर अदालत ने उसकी जमानत याचिका रद्द कर दी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X