शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Lakhimpur Kheri News:एक राष्ट्र, एक चुनाव पर यश ने रखी दमदार बात – Yash Made A Strong Point On One Nation, One Election
लखीमपुर-खीरी

Lakhimpur Kheri News:एक राष्ट्र, एक चुनाव पर यश ने रखी दमदार बात – Yash Made A Strong Point On One Nation, One Election

November 6, 2026


लखीमपुर खीरी। ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में यश प्रताप सिंह चौहान ने प्रथम स्थान हासिल किया। शिखर पुरी द्वितीय और अंशिका बाजपेयी तृतीय स्थान पर रहीं।

विकसित भारत युवा संसद 2026-27 के तहत बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में युवाओं ने तीन मिनट के निर्धारित समय में हिंदी और अंग्रेजी में अपने विचार रखे। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनाव प्रक्रिया और एक साथ चुनाव कराने की अवधारणा के विभिन्न पहलुओं पर बात की।

मेरा युवा भारत की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि सीडीओ योगानंद पांडेय ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. सुशीला सिंह, धर्म सभा इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. दयानंद शुक्ला, सेवानिवृत्त सहायक विकास अधिकारी नरेश चंद्र वर्मा, युवराज दत्त कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सौरभ वर्मा और केन ग्रोवर कॉलेज, गोला के असिस्टेंट प्रोफेसर विवेक कुमार सिंह ने किया। तीनों विजेताओं को उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

जिला युवा अधिकारी संकल्प शुक्ला ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं, तार्किक चिंतन और सार्वजनिक मंच पर विचार व्यक्त करने की क्षमता विकसित करना है। इस मौके पर रितेश वर्मा, तुषार भल्ला, सवितार गोस्वामी, शिवा चौरसिया, निर्भय बाजपेई, दुर्गा प्रसाद, अंकित वर्मा, हरिओम पाल, रूबी मिश्रा, लकी वर्मा, विपिन कुमार और अरुणेश आदि मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X