राजस्थान के अलवर शहर के एमआईए औद्योगिक क्षेत्र स्थित लीलैंड कंपनी में अचानक डीजल फोर्कलिफ्ट में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फोर्कलिफ्ट आग की ऊंची-ऊंची लपटों से घिर गई। कुछ ही देर में मशीन धू-धू कर जलने लगी। कंपनी परिसर में अचानक आग लगने से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
डीजल होने से तेजी से फैली आग, दमकल की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। फोर्कलिफ्ट में डीजल होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया था। ऐसे में दमकलकर्मियों ने मौके पर मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।
आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल फोर्कलिफ्ट में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग किस वजह से लगी और इस घटना में कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी भी सामने आना बाकी है। एमआईए औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में आग लगने की इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।