बड़ा हादसा:ओरछा में गैस रिसाव से मकान में लगी आग, एक ही परिवार के दो दर्जन लोग झुलसे; तीन की हालत गंभीर – A Fire Broke Out In A House In Orchha Due To A Gas Cylinder Leak; Several People Sustained Burns
मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले की धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा में शुक्रवार को गैस सिलिंडर से हुए रिसाव के बाद मकान में आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के करीब दो दर्जन लोगों के झुलसने की सूचना है। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना ओरछा के वार्ड नंबर एक स्थित स्टेशन मोहल्ले की है। जानकारी के अनुसार, खालिद अहमद के मकान में रखे सीएनजी गैस सिलिंडर से रिसाव होने के कारण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और मकान में मौजूद परिवार के कई सदस्य इसकी चपेट में आ गए। धमाके और आग की घटना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की एफआरवी और ओरछा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए मकान में फंसे घायलों को बाहर निकाला और डायल 112 की मदद से यथार्थ अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।
ये भी पढ़ें- शहडोल में हादसा: कोयला खदान में आग का गोला बना RKTC का हाइवा, चालक ने कूदकर बचाई जान
हादसे की गंभीरता को देखते हुए निवाड़ी कलेक्टर जमुना भिड़े और पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने यथार्थ अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली। कलेक्टर ने बताया कि हादसे में करीब दो दर्जन लोग झुलसे हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की बात कही गई है। अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है।
घायलों में खलील पिता अब्दुल हमीद (60), समीर (30), गोपी उर्फ अनीश (37), एजाज, मैया उर्फ रूबी, शहनाज, नीलोफर, आठ वर्षीय माहिरा, पांच वर्षीय अन्नाह, नौ वर्षीय हलीम, आठ वर्षीय अबू हैदर और जूली सहित अन्य लोग शामिल हैं। खलील, समीर और माहिरा को गंभीर रूप से झुलसा हुआ बताया गया है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इस हादसे ने गैस सिलिंडरों के सुरक्षित रखरखाव और गैस रिसाव से बचाव के प्रति एक बार फिर सतर्कता की जरूरत को रेखांकित किया है।
