Gurugram News:औद्योगिक क्षेत्र में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल, निगमायुक्त से जांच की मांग – Questions Raised Regarding The Quality Of Construction Work In The Industrial Area; Demand For An Inquiry By The Municipal Commissioner
जीआईए ने पत्र लिखकर बरसाती पानी की निकासी और सड़क निर्माण में खामियां दूर करने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-16 स्थित मॉडल औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गुड़गांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (जीआईए) ने सवाल उठाए हैं। एसोसिएशन का आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण औद्योगिक इकाइयों, कर्मचारियों और यहां आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में जीआईए ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर निर्माण कार्यों की जांच कराने और कमियों को दूर करने की मांग की है। एसोसिएशन के महासचिव संजीव बंसल ने दो नवंबर को भेजे पत्र में बताया कि महरौली रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में सड़क और बरसाती पानी की निकासी से जुड़े काम अधूरे पड़े हैं। उनका कहना है कि जल निकासी की नालियों को उचित तरीके से सीवर लाइन से जोड़े बिना ही कई सड़कों का स्तर ऊंचा कर दिया गया है। इसके चलते बारिश के समय पानी की निकासी प्रभावित होती है। कई जगह सीवर ओवरफ्लो होने और पानी का उल्टा बहाव होने से जलभराव और गंदगी की समस्या पैदा हो रही है।
जीआईए के अनुसार मानसून से पहले विकास कार्य पूरे करने का भरोसा दिया गया था, लेकिन अभी भी काफी काम बाकी है। करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र में सड़क, सीवर, फुटपाथ और स्ट्रीट लाइट सहित अन्य विकास कार्य कराए जा रहे हैं। एसोसिएशन ने निगमायुक्त से संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने और लंबित काम जल्द पूरा कराने का आग्रह किया है। एसोसिएशन ने औद्योगिक क्षेत्र में पार्क के लिए निर्धारित जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे और अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया है। जीआईए का कहना है कि क्षेत्र में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से वाहनों को खड़ा करने में परेशानी होती है। ऐसे में इस जमीन से अतिक्रमण हटाकर चहारदीवारी लगाई जाए और इसे पार्किंग स्थल के रूप में विकसित किया जाए।
