Una News:दिवाली पर्व के लिए अग्निशमन विभाग हुआ मुस्तैद – Fire Department On High Alert For The Diwali Festival
ऊना। दिवाली पर्व पर अग्निशमन विभाग ऊना ने आग की घटनाओं से निपटने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया है। त्योहार के दौरान 24 घंटे सतर्कता बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की 12-12 घंटे की शिफ्टों में ड्यूटी लगाई जाएगी।
विभाग की तरफ से वाहनों, उपकरणों की जांच का काम पूरा कर लिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। इसके अलावा आपात स्थिति में जिलेभर में त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए उप-केंद्रों को भी पूरी तरह तैयार रखा गया है। अंब (फायर चौकी) 2 अग्निशमन वाहन, टाहलीवाल (उप-केंद्र) 2 अग्निशमन वाहन, बंगाणा (उप-केंद्र) 3 अग्निशमन वाहन हैं। इसके अलावा फायर स्टेशन ऊना में 3 फायर हाइड्रेंट व एक क्वीक रिस्पांस व्हीकल उपलब्ध है। इस दौरान जिले में भर में 50 के करीब अग्निशमन विभाग के जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर होमगार्ड के जवानों की सेवाएं भी ली जाएंगी। दिवाली की रात आईएसबीटी ऊना, बाल स्कूल के खेल मैदान में फायर ब्रिगेड की एक-एक गाड़ी तैनात रहेगी।
संकरी गलियों के लिए कैफस बाइक रहेगी तैनात
आपातकाल में संकरे बाजारों और गलियों में आग लगने की घटनाओं पर काबू पाने के लिए कैफस (कंप्रेस्ड एयर फॉर्म) बाइक तैनात कर दी हैं। इन बाइकों से छोटे रास्तों और गलियों पर पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सकता है।
शहर में फायर हाइड्रेंट नहीं है कोई व्यवस्था
शहर में फायर हाइड्रेंट लगाने की योजना बीते दो सालों से चल रही है। इस योजना पर अभी तक कोई कार्य नहीं हो पाया है। ऐसे में फायर ब्रिगेड के सहारे ही आग पर काबू पाने की सुविधा है।
दिवाली को लेकर अग्निशमन विभाग ने कमर कस ली है। आपातकाल के लिए जवान मुस्तैद रहेंगे। कर्मचारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
-हितेश लखनपाल, होमगार्ड कमांडेंट ऊना
