शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
धनतेरस :ग्राहकों ने खूब किया खर्चा, बाजार में हुई धनवर्षा – Dhanteras: Customers Spend Lavishly, Markets See A Flood Of Money
बिजनौर

धनतेरस :ग्राहकों ने खूब किया खर्चा, बाजार में हुई धनवर्षा – Dhanteras: Customers Spend Lavishly, Markets See A Flood Of Money

November 7, 2026


बिजनौर। जिले के बाजारों में धनतेरस पर खूब धनवर्षा हुई। सुबह से देर रात तक बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने सोने-चांदी के आभूषण और सिक्कों से लेकर बर्तन, इलेक्ट्रानिक सामान और वाहन तक की खरीदारी की।

धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा। शहर के सिविल लाइन, सदर बाजार, नगीना मार्ग, नजीबाबाद सहित अन्य प्रमुख बाजार में ग्राहकों की भीड़ रही। सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ सिक्कों की भी खूब बिक्री हुई। कार, बाइक, स्कूटर और ट्रैक्टर की डिलीवरी लेने के लिए भी बड़ी संख्या में ग्राहक शोरूम पहुंचे। बाजार में हर तरफ रौनक दिखाई दी। बर्तन बाजार में स्टील, पीतल और तांबे के बर्तनों की दुकानों पर भीड़ लगी रही। लोगों ने इलेक्ट्रानिक बाजार में टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एसी और अन्य घरेलू उपकरण भी खरीदे।

मिठाई, ड्राइफ्रूट की खूब हई खरीदारी

बाजार में मिठाई और ड्राइफ्रूट की खूब बिक्री हुई। लोगों ने दीपावली पर गिफ्ट देने के लिए खरीदारी की। व्यापारी करीब 50 करोड़ के व्यापार की संभावना जता रहे हैं। काजू कतली, रसगुल्ला, सोहनपापड़ी सहित अन्य मिठाइयों की ज्यादा बिक्री हुई।

650 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान

कारोबारियों के अनुसार, इस बार धनतेरस पर जिले में करीब 650 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। बाजार में धनतेरस पर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार 100 करोड़ का रहा। इसके अलावा सराफा बाजार 200 करोड़ की बिक्री हुई। 150 करोड़ के वाहन, जिसमें दो हजार से ज्यादा बाइक, 400 से ज्यादा कार, 1000 इवी स्कूटी, 130 ट्रैक्टर, 200 से ज्यादा ई रिक्शा समेत अन्य वाहनों की शुक्रवार को जिले में खरीदे गए। साथ ही कपड़ा, बर्तन, मिठाई, खाद्य सामग्री का कारोबार धनतेरस पर करीब 200 करोड़ रुपये का रहा।

कारोबार अच्छा होने से व्यापारी उत्साहित : मनोज कुच्छल

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज कुच्छल का कहना है कि धनतेरस और दीपावली को लेकर लोगों में उत्साह है। कारोबार अच्छा होने से सभी सेक्टर के व्यापारी उत्साहित हैं।

कारों का कारोबार 60 करोड़ पार : दीपक गर्ग

तिरुपति व्हीकल प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक गर्ग ने कहा कि धनतेरस पर लोगों ने कारों की खूब खरीदारी की। जिलेभर से अलग-अलग कंपनियों की 400 से ज्यादा कारों की बिक्री होने का अनुमान है। 60 करोड़ के कारोबार की संभावना है। स्टॉक कम होने से कुछ ग्राहकों ने बुकिंग कराई है।

बाइक, ईवी स्कूटर की खूब हुई खरीदारी: विवेक चौधरी

चौधरी मोटर्स के डायरेक्टर विवेक चौधरी का कहना है कि बुलेट सहित अन्य कंपनियों की करीब दो हजार बाइकों की जिलेभर में डिलीवरी हुई। इसके अलावा करीब एक हजार ईवी की बिक्री धनतेरस पर हुई है। इस बार करीब 50 करोड़ की बाइकों की बिक्री होने की संभावना है।

किसानों ने जरूरत के हिसाब से खरीदे ट्रैक्टर : विशाल चौधरी

राजवंश मोटर्स के ऑनर विशाल चौधरी ने बताया कि धनतेरस पर किसानों ने अपने बजट के हिसाब से ट्रैक्टर की खरीदारी की है। जिलेभर में शुक्रवार को अलग-अलग कंपनियों के करीब 130 ट्रैक्टर की डिलीवरी की गई है। जिले में करीब 10 करोड़ रुपये के ट्रैक्टर बिके।

पिछले साल से ज्यादा बिके बर्तन : अरविंद अग्रवाल

बर्तन व्यापारी अरविंद कुमार अग्रवाल ने कहा कि धनतेरस पर उम्मीद से ज्यादा खरीदारी हुई है। लोगों ने स्टील, पीतल, कांस्य के उत्पादों की खूब खरीदारी की है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार अच्छा कारोबार हुआ है। अभी भाईदूज तक कारोबार में बढ़ोतरी होगी।

आभूषण, सोने-चांदी के सिक्कों की खूब खरीदारी: जंगबहादुर

सर्राफा स्वर्णकार संघ महामंत्री जंगबहादुर ने कहा कि धनतेरस पर लोगों ने अपने बजट के हिसाब से आभूषण, सोने-चांदी के सिक्कों की खरीदारी की। जिलेभर में करीब 200 करोड़ का कारोबार होने की संभावना है। लोगों में अलग-अलग डिजाइन और हल्के आभूषण की मांग रही।

बिजनौर में धनतेरस पर बर्तन की दुकान पर खरीदारी करते लोग। संवाद

बिजनौर में धनतेरस पर बर्तन की दुकान पर खरीदारी करते लोग। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X