Muzaffarnagar News:गंगनहर मार्ग पर ट्रैक्टर-ई रिक्शा की भिड़ंत में आठ घायल – Eight Injured In Collision Between Tractor And E-rickshaw On Gangnahar Road
भोपा। गंग नहर पटरी पर जौली के निकट ई-रिक्शा ट्रैक्टर की भिड़ंत में बच्चे, महिला सहित आठ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। छह घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
भोपा के गांव यूसुफपुर निवासी सोनू पत्नी सनोज ने बताया कि उनके घर पर पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी के चलते उसके मायका वाले राजा, घसीटा, जसबीरी, सुरेश बाला, राजू, वैभव, अनस, अंशिका, माही आदि निवासी गांव चित्तौड़ा से ई-रिक्शा में सवार होकर उसके घर युसुफपुर आए थे।
कार्यक्रम संपन्न होने के बाद शाम को सभी लोग ई-रिक्शा में सवार होकर अपने गांव चितौड़ा घर वापस जा रहे थे। जैसे ही वह भोपा थाना क्षेत्र के गांव जौली में अकबरपुर रोड के निकट पहुंचे तो ट्रैक्टर चालक ने उनकी ई-रिक्शा में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से ई-रिक्शा में सवार सभी लोग घायल हो गए। राहगीरों व पुलिस ने घायलों को सरकारी एंबुलेंस से भोपा सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों द्वारा गंभीर रूप से घायल बच्ची अंशिका, राजा, सुरेश बाला, राजू, घसीटा आदि को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर सहित मौके से फरार हो गया। सीओ भोपा राधा रमन ने बताया कि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। आवश्यक कार्रवाई उचित कार्रवाई की जाएगी। उधर, दो और सड़क दुर्घटना में थाना सिखेड़ा के गांव बेहड़ा आस्सा निवासी बाइक सवार सागर व प्रमित जौली-मुजफ्फरनगर मार्ग पर बाइक भिड़ंत में घायल हो गए। भोपा थाना के ही गांव बेहड़ा थ्रू निवासी महिला कविता ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गई। अलग-अलग तीन सड़क घटनाओं में एक दर्जन लोग घायल हो गए।
