शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुरादाबाद

Moradabad News:अमरोहा में चल रही नकली दवाओं की फैक्टरी, कई जिलों में नेटवर्क – Fake Medicine Factory Operating In Amroha, Network In Many Districts

November 7, 2026


मुरादाबाद। जिस दवा को खाकर लोग शुगर, ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने की उम्मीद करते हैं, वही दवा नकली निकल जाए तो मरीज की जिंदगी खतरे में पड़ सकती है। मुरादाबाद मंडल के अमरोहा जिले में नकली दवाएं बनाने का बड़ा खेल सामने आया है। यहां चल रही फैक्टरी से मुरादाबाद समेत प्रदेश के कई जिलों में दवाओं की सप्लाई किए जाने का अंदेशा है। औषधि विभाग की जांच में ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनसे इस कारोबार के संगठित नेटवर्क के रूप में चलने की आशंका मजबूत हुई है। विभाग अब दवाओं के बैच नंबर, उत्पादन की मात्रा और उनकी सप्लाई के रास्तों की पड़ताल कर रहा है।

मामले की शुरुआत रैंडम सैंपलिंग में एक दवा का नमूना फेल होने के बाद हुई। जांच रिपोर्ट ने दवा की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए तो औषधि विभाग ने उसकी खरीद और बिक्री से जुड़े दस्तावेज खंगालने शुरू किए। इसके बाद जांच की कड़ियां अमरोहा तक पहुंचीं। अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि किन दवाओं का उत्पादन किया गया, कितने बैच तैयार हुए और किन-किन जिलों में इन्हें भेजा गया। यह भी जांच हो रही है कि कहीं नामचीन कंपनियों के ब्रांड का इस्तेमाल करके तो नकली दवाएं बाजार में नहीं उतारी जा रही थीं। विभाग यह पता कर रहा है कि दवाएं सीधे मेडिकल स्टोरों तक पहुंचाई गईं या इनके बीच थोक कारोबारी और वितरक भी शामिल हैं। मुरादाबाद, संभल, बिजनौर और रामपुर समेत आसपास के जिलों में इनकी सप्लाई की आशंका को देखते हुए खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड की जांच अहम होगी।

ऐसे फैलता है नकली दवाओं का नेटवर्क

नकली दवाओं का कारोबार केवल किसी कमरे या फैक्टरी में गोलियां और कैप्सूल तैयार करने तक सीमित नहीं रहता। इसके लिए उत्पादन, पैकेजिंग, भंडारण और वितरण की अलग-अलग कड़ियां काम करती हैं। दवा तैयार होने के बाद उसे पैक करके थोक विक्रेताओं और वितरकों तक पहुंचाया जा सकता है। वहां से मेडिकल स्टोरों के जरिये मरीजों तक पहुंचती है। लंबी सप्लाई चेन में असली और नकली दवाओं की पहचान मुश्किल हो जाती है। कई बार बिल, बैच नंबर और कंपनी के नाम की आड़ में भी संदिग्ध दवाएं बाजार में पहुंच जाती हैं। अमरोहा में चल रही जांच में इसी नेटवर्क की कड़ियां तलाश की जा रही हैं।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा खेल

अमरोहा में नकली दवाओं का मामला पहली बार सामने नहीं आया है। वर्ष 2018 में यहां पकड़े गए नकली दवाओं के भंडार से लिए गए नमूनों में 25 में से 23 दवाएं जांच में नकली मिली थीं। उस समय भी मुरादाबाद को सप्लाई का प्रमुख केंद्र बनाए जाने और कई राज्यों तक दवाएं भेजे जाने की बात सामने आई थी। अप्रैल 2026 में अमरोहा में नकली कैप्सूल के मामले में भी जांच मेडिकल स्टोर से शुरू होकर वितरक और निर्माता कंपनी तक पहुंची थी। इस प्रकरण में 17 लोगों के खिलाफ अदालत में परिवाद दायर किया गया था।

वर्जन

अमरोहा में नकली दवाओं की फैक्टरी के संबंध में कई साक्ष्य मिले हैं। मामले की पड़ताल की जा रही है। जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा। कौनसी दवाइयां बनाई गईं और कहां सप्लाई की गईं। इसका पूरा विवरण हमारे पास है।

– उमेश भारती, औषधि निरीक्षक

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X