शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी में तालिबानी सजा:मंडला में युवक-युवती को बांधकर लगाया करंट, नागपुर में हुई युवक की मौत, तीन हिरासत में – Mandla: 3 Arrested For Assaulting Couple And Electrocution, Youth Dies In Nagpur; Murder Case Filed
मंडला

एमपी में तालिबानी सजा:मंडला में युवक-युवती को बांधकर लगाया करंट, नागपुर में हुई युवक की मौत, तीन हिरासत में – Mandla: 3 Arrested For Assaulting Couple And Electrocution, Youth Dies In Nagpur; Murder Case Filed

November 7, 2026


जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र की पिंडरई चौकी अंतर्गत खिरसारू गांव में युवक-युवती के साथ मारपीट कर उन्हें बिजली के तार से करंट लगाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक अभिषेक धुर्वे की 16 सितंबर को नागपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त को नैनपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि खिरसारू गांव में एक युवक और युवती खेत में घायल अवस्था में पड़े हैं। दोनों के बीच करीब 100 से 200 मीटर की दूरी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को नैनपुर अस्पताल में भर्ती कराया।

युवती होश में थी और बयान दे रही थी, जबकि अभिषेक की हालत गंभीर होने के कारण वह ठीक से बयान नहीं दे पा रहा था। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे नागपुर रैफर किया गया, जहां 16 सितंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवती से मिलने आया था युवक

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अभिषेक सिवनी जिले का रहने वाला था और युवती से मिलने खिरसारू गांव आया था। पुलिस के अनुसार दोनों को गांव के ही कुछ लोगों ने एक साथ देख लिया था और उनके मिलने पर आपत्ति जताते हुए आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की।

आरोप है कि मारपीट के बाद युवक-युवती को बिजली के तार से बांधकर करंट लगाया गया। इसके बाद दोनों को गंभीर हालत में अलग-अलग स्थानों पर खेत में छोड़कर आरोपी वहां से चले गए।

शुरुआती बयान में सामने नहीं आई थी पूरी बात

एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा के अनुसार घटना के बाद युवती ने शुरुआती बयान में करंट लगने की बात बताई थी। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को घटना से जुड़े अन्य तथ्य मिले। पुलिस के मुताबिक बाद में युवती ने बताया कि तीन लोगों ने दोनों के साथ मारपीट की और उन्हें करंट लगाया था।

इलाज के दौरान युवक की मौत

घटना में घायल अभिषेक को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रैफर किया गया था, जहां 16 सितंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एडिशनल एसपी के अनुसार चिकित्सकीय रिपोर्ट में मौत का कारण करंट लगना बताया गया है।

अभिषेक की मौत के बाद नैनपुर थाने में पहले से दर्ज मर्ग की जांच को आगे बढ़ाया गया। जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 19 सितंबर को हत्या का प्रकरण दर्ज किया।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में चमरालाल उर्फ भूरा मरावी (56), लालसिंह उर्फ नरबद मरावी (27) और सुशील कुमार उर्फ शुक्लू मरावी (करीब 29-30 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें तीनों की घटना में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

युवती का अस्पताल में इलाज जारी

पुलिस के अनुसार घटना के बाद युवती का परिवार उसका इलाज करा रहा था और उसे घर ले गया था। बाद में जांच के दौरान पुलिस को उसकी स्वास्थ्य स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी मिली। इसके बाद महिला पुलिस बल की मदद से युवती को नैनपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका इलाज जारी है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक मामले में तकनीकी साक्ष्यों, बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X