शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हापुड़

Hapur News:गौरव त्यागी की दिनदहाड़े हत्या करने वाले सात आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई – Gangster Act Invoked Against Seven Accused In The Broad-daylight Murder Of Gaurav Tyagi

November 7, 2026


बाबूगढ़। गौरव त्यागी हत्याकांड के सात आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। थाना देहात क्षेत्र के ददायरा चौराहे से धनौरा जाने वाले रास्ते पर 18 अगस्त की सुबह न्यायालय में गवाही देने जा रहे गांव मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी की गांव के ही सात लोगों ने जमीनी विवाद में हथौड़े व लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी थी।

बाबूगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि गांव मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी गैंग लीडर कुलदीप ने अपने साथियों अमित, जसवंत, प्रदीप, अनुज उर्फ गोल्डी, राजवीर व जयपाल के साथ मिलकर एक गिरोह संचालित कर रहा था। गिरोह के सभी सदस्य थाना बाबूगढ़ व थाना देहात क्षेत्र में सरेराह दिनदहाड़े वार कर निर्मम हत्या, मारपीट, गाली-गलौज करने व जान से मारने की धमकी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे थे। इससे लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। आरोपियों के डर से कोई भी व्यक्ति इनके खिलाफ गवाही देने के लिए तैयार नहीं हुआ।

आरोपियों ने 18 अगस्त की सुबह ददायरा चौराहे से धनौरा जाने वाले रास्ते पर गवाही देने जा रहे गौरव त्यागी की हथौड़े व लाठी डंडों से हत्या कर दी। मृतक के पिता फतह सिंह त्यागी की तहरीर पर थाना देहात पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। वहीं, वर्ष 2023 में आरोपी कुलदीप व अनुज उर्फ गोल्डी के खिलाफ थाना बाबूगढ़ में मारपीट, गाली-गलौज करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भी रिपोर्ट दर्ज हुई थी।

सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि थाना प्रभारी बाबूगढ़ की तहरीर पर गैंग लीडर कुलदीप, अमित, जसवंत, प्रदीप, अनुज उर्फ गोल्डी, राजवीर व जयपाल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X