जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल के नए डिवाइस को, डॉक्टर क्यों कह रहे हैं ‘महंगा खिलौना’?
जोमैटो के को-फाउंडर दीपिंदर गोयल जल्द ही एक नया डिवाइस ‘टेंपल’ लॉन्च करने जा रहे हैं. जिसकी कीमत 85,000 होने वाली है. दिखने में ये छोटा सा एक क्लिप जैसा है, जिसे कनपटी के पास पहना जाएगा. दीपिंदर अपने इस प्रोजेक्ट को लेकर कुछ ज्यादा ही एक्साइटेड हैं. इतने कि वो कई बार ट्विटर पर इसके बारे में बात कर चुके हैं. लेकिन उनके इस ‘महंगे खिलौने’ की अब कई हेल्थ एक्सपर्ट जमकर आलोचना कर रहे हैं. दीपिंदर से सीधे भिड़े हैं X पर ‘द लिवर डॉक’ के नाम से अपना अकाउंट चलाने वाले डॉ. सायरिएक एबी फिलिप्स. दोनों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जुबानी जंग चल रही है. मामला इतना बढ़ गया है कि गोयल अब यह बताने की तैयारी कर रहे हैं कि उन्होंने आखिर यह डिवाइस बनाया ही क्यों था. यह पहली बार नहीं है जब टेंपल को हेल्थ एक्सपर्ट्स की आलोचना का सामना करना पड़ा है. पर आखिर इस डिवाइस की इतनी आलोचना क्यों हो रही है? और उससे भी बड़ा सवाल कि आखिर ये डिवाइस किस बारे में हैं. क्या है इसमें ऐसा कि दीपिंदर ने इसपर दांव लगाया है?
टेंपल को लेकर डॉक्टरों को क्या आपत्तियां हैं?
X पर अपने इस प्रोडक्ट का ऐलान करने वाले पोस्ट में दीपिंदर ने लिखा, ‘खुद को दूसरों से ज्यादा नैतिक समझने वाले भारतीय डॉक्टर चाहें तो इसे छोड़ सकते हैं lol.’ इसके जवाब में द लिवर डॉक के नाम से मशहूर फिलिप्स ने टेंपल को लेकर गोयल के दावों को ‘शब्दों का जाल’ बताया. फिलिप्स ने लिखा, ‘इस व्यक्ति ने डिवाइस को लेकर कोई ठोस सबूत या प्रमाण नहीं दिया है. विज्ञान हमारा और तुम्हारा नहीं होता. लेकिन खराब विज्ञान, छद्म विज्ञान और विज्ञान के नाम पर धोखाधड़ी जैसी चीजें जरूर होती हैं और टेंपल की टीम ने इन सभी को अपना लिया है.’
इस विवाद से पहले भी जब टेंपल पर सवाल उठे तो दीपिंदर सफाई दे चुके हैं. उन्होंने कहा था, ‘अगर टेंपल कोई धोखाधड़ी है और हमने इसके बारे में कुछ झूठ कहा है तो लोग कुछ ही दिनों तक इसका इस्तेमाल करने के बाद यह जान जाएंगे.’ गोयल ने आगे कहा, ‘हमें अपने विज्ञान पर भरोसा है और अब हमारा प्रोडक्ट इतना उपयोगी है कि लोग इसके लिए पैसे देने और इसका इस्तेमाल करने को तैयार हैं. उम्मीद है कि इससे आपकी कुछ या सभी चिंताओं का जवाब मिल गया होगा. अगर नहीं, तो आप नाराज होते रहिए.’ इस बयान के जरिए उन्होंने टेंपल की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी टीम का भरोसा जाहिर किया.
क्यों ‘देसी थेरोनोस’ कहकर चिढ़ा रहे हैं द लिवर डॉक्टर?
इस पर पलटवार करते हुए फिलिप्स ने कहा, ‘टेंपल डिवाइस एक धोखाधड़ी है. इसमें कोई शक नहीं है. सवाल सिर्फ यह है कि यह व्यक्ति और उसकी टीम कब तक ‘हम आपके लिए लाखों खर्च कर रहे हैं’, ‘हम अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं’ या ‘हम जोखिम उठा रहे हैं’ जैसे जवाबों की आड़ में लोगों को ठगते रहेंगे?’ रिपोर्ट्स के मुताबिक, द लिवर डॉक ने यह दावा भी किया कि टेंपल के संस्थापक ने उन्हें X पर ब्लॉक कर दिया है. फिलिप्स ने इस डिवाइस को ‘देसी थेरानोस’ भी बताया है. बता दें कि थेरानोस (Theranos) हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी से जुड़ा एक स्टार्टअप था, जिसकी स्थापना एलिजाबेथ होम्स ने 2003 में की थी. कंपनी ने अपने ‘एडिसन’ डिवाइस को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन बाद में ये दावे झूठे साबित हुए और कंपनी बंद हो गई. इसके बाद होम्स को 11 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी.
गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. जुबिन शर्मा ने भी X पर कई पोस्ट के जरिए टेंपल पर सवाल उठाए. उन्होंने लिखा, ‘हम किसी चीज के खिलाफ नहीं हैं! हम तो बस यह पूछ रहे हैं कि कृपया बताइए कि यह डिवाइस आखिर माप क्या रहा है?’ शर्मा ने गोयल के इस बयान पर चुटकी भी लेते हुए धन्यवाद किया कि दीपिंदर ने स्वीकार किया है कि टेंपल को बिना किसी रिसर्च, क्लिनिकल नतीजों या पीयर-रिव्यू स्तर के वैज्ञानिक प्रमाणों के बाजार में उतारा जा रहा है.
‘महंगा खिलौना’ बता चुके हैं डॉक्टर
डिवाइस बनाने वाली कंपनी का दावा है कि यह डिवाइस रियल टाइम में दिमाग में होने वाले ब्लड फ्लो को मॉनिटर कर सकता है. AIIMS दिल्ली से क्लिनिकल ट्रेनिंग ले चुके रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सुव्रांकर दत्ता ने गोयल के इस डिवाइस को अवैज्ञानिक बताते हुए खारिज कर दिया था. उन्होंने इसे ‘महंगा खिलौना’ तक कहा था. डॉ. दत्ता ने X पर लिखा, ‘एक फिजिशियन-साइंटिस्ट और भारत में आर्टेरियल स्टिफनेस (धमनियों की कठोरता) और पल्स वेव वेलोसिटी (Pulse Wave Velocity) पर शुरुआती शोधकर्ताओं में से एक होने के नाते, जो 2017 से इस क्षेत्र में काम कर रहे हैं और हृदय संबंधी मृत्यु के जोखिम का अनुमान लगाने में मदद करता है, मैं भरोसे के साथ कह सकता हूं कि फिलहाल इस डिवाइस का उपयोगी डिवाइस के रूप में कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है.’
वहीं AIIMS के डॉक्टर ने लोगों को ऐसे डिवाइस पर पैसे खर्च न करने की सलाह दी, जिनकी वैज्ञानिक उपयोगिता साबित नहीं हुई है. उन्होंने कहा, ‘अपनी मेहनत की कमाई ऐसे महंगे खिलौनों पर बर्बाद न करें, जिन्हें अरबपति लोग अपना पैसा खर्च करने के लिए खरीद सकते हैं. अगर आप भी उनमें से एक हैं, तो जरूर खरीदें.’
NDTV से बातचीत में मुंबई के जीनोवा शाल्बी अस्पताल के न्यूरोसर्जन डॉ. विश्वनाथन अय्यर ने भी इस डिवाइस को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि डिवाइस को सिर के जिस हिस्से पर लगाया जाता है, वही चिंता पैदा करता है. कनपटी (Temple) पर लगा सेंसर सिर्फ सतह के स्तर के संकेतों को पकड़ सकता है. ऐसे डिवाइस सतह के स्तर के संकेतों को पकड़ने के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन वे सीधे दिमाग में होने वाले ब्लड फ्लो को नहीं मापते, जैसा कि MRI करता है. इसकी जगह कोई छोटा वियरेबल गैजेट नहीं ले सकता.’ डॉ. अय्यर ने समझाया कि ऐसे सेंसर पल्स या त्वचा में होने वाले बदलाव जैसे न दिखने वाले संकेतों को रिकॉर्ड कर सकते हैं, लेकिन इन्हें दिमाग में होने वाले असली ब्लड फ्लो या उसकी गतिविधियों के बराबर नहीं माना जाना चाहिए.
गोयल बोले ‘मेडिकल डिवाइस नहीं है टेंपल’
जहां गोयल सोशल मीडिया पर अपनी इस डिवाइस को लेकर बहस कर रहे हैं, वहीं वो खुद कह चुके हैं कि ये कोई मेडिकल डिवाइस नहीं है. उन्होंने X पर लिखा, ‘टेंपल एक फिटनेस ट्रैकर और वेलनेस डिवाइस है. हम इसे मेडिकल डिवाइस नहीं कहते. अगर भविष्य में हम इसके किसी मेट्रिक को क्लिनिकली वैलिडेट कर पाते हैं, तो इसकी जानकारी देंगे.’ पर इस सफाई से पहले वो खुद दावा कर चुके हैं कि टेंपल जोन 4 और जोन 5 में सामान्य ECG चेस्ट स्ट्रैप की तुलना में ज्यादा सटीक तरीके से हार्ट रेट ट्रैक करता है.
क्या है टेंपल डिवाइस?
‘टेंपल’ नाम का यह डिवाइस धातु के रंग वाला एक क्लिप जैसा वियरेबल है. गोयल का दावा है कि यह रियल टाइम में दिमाग में होने वाले ब्लड फ्लो को माप सकता है. इस एक्सपेरिमेंटल हेल्थ-टेक डिवाइस के बारे में गोयल का कहना है कि यह एक छोटे यानी ‘मिनीएचराइज्ड’ MRI की तरह सेरेब्रल ब्लड फ्लो को माप सकता है. दिमाग में ब्लड फ्लो यानी रक्त का संचार जीवन के लिए बेहद जरूरी है. माना जाता है कि उम्र बढ़ने के साथ आमतौर पर दिमाग में रक्त का प्रवाह लगभग स्थिर रहता है या उसमें बहुत मामूली गिरावट आती है.
गोयल ने टेंपल को दुनिया का पहला ‘रूम-डेफ’ वॉयस AI कंपेनियन बताया. यह डिवाइस मोशन सेंसर का इस्तेमाल करता है, जो यूजर के बोलने पर पैदा होने वाले हल्के कंपन को पहचानते हैं और उन्हें टेक्स्ट में बदल देते हैं. इससे डिवाइस आसपास के शोर या दूसरे लोगों की बातचीत को रिकॉर्ड किए बिना अपने यूजर की आवाज को समझ सकता है. हालांकि इसमें न तो माइक्रोफोन है, न कैमरा और न ही स्क्रीन. इसे दो बार टैप करके एक्टिवेट किया जा सकता है.
