शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sirmour News:नौहराधार में 15 नवंबर को सजेगा स्वास्थ्य सेवाओं का महाकुंभ, – Health Camp In Nohradhaar On 15 Nov
सिरमौर

Sirmour News:नौहराधार में 15 नवंबर को सजेगा स्वास्थ्य सेवाओं का महाकुंभ, – Health Camp In Nohradhaar On 15 Nov

November 7, 2026


मरीजों को 14 विशेषज्ञ विभागों के चिकित्सक देंगे निशुल्क सेवाएं

18 पंचायतों के प्रतिनिधियों ने बैठक कर बनाई रणनीति

शिविर के सफल आयोजन के लिए गठित की गईं विभिन्न समितियां

संवाद न्यूज एजेंसी

नौहराधार/हरिपुरधार (सिरमौर)। क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 15 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहराधार में मेगा मल्टी-स्पेशियलिटी निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को क्षेत्र की 18 पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष जोगेंद्र चौहान ने की।

बैठक में स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सभी 18 पंचायतों के लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने, अधिक से अधिक मरीजों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित प्रतिनिधियों ने शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार और सफल संचालन को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे।

आयोजन को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इनमें रिसेप्शन, ठहरने, भोजन, स्थल व्यवस्था, स्वयंसेवक, मीडिया एवं प्रचार-प्रसार सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।

गौरतलब है कि हिमालयन हेल्थ एनवायरनमेंट एवं सोशल वेलफेयर सोसायटी हिम रक्षक और हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के संयुक्त प्रयासों से जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से इस विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

शिविर में हृदय रोग, किडनी, नेत्र रोग, नाक-कान-गला, हड्डी एवं जोड़ रोग, त्वचा रोग, तंत्रिका रोग, महिला एवं प्रसूति रोग तथा बाल रोग सहित लगभग 14 चिकित्सा विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। शिविर में मरीजों को निशुल्क स्वास्थ्य जांच, डिजिटल एक्सरे, विभिन्न प्रकार के चिकित्सकीय परीक्षण और दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने इस पहल को दुर्गम क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक बड़ी सौगात बताया। उन्होंने शिविर को सफल बनाने के लिए पंचायत स्तर पर व्यापक सहयोग और जनभागीदारी सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।—————–

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X