शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बलरामपुर

Balrampur News:यूपी हेल्थ डैशबोर्ड में जिले को मिला पांचवां स्थान – District Secures Fifth Position In Up Health Dashboard

November 7, 2026


बलरामपुर। यूपी हेल्थ डैशबोर्ड पर स्वास्थ्य सेवाओं की रैंकिंग में जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है। अगस्त माह में 55वें स्थान पर रहने वाला बलरामपुर सितंबर की रैंकिंग में लंबी छलांग लगाकर प्रदेश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। पूर्ण टीकाकरण और गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच में जिले को 100 अंक मिले हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में बलरामपुर ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यूपी हेल्थ डैशबोर्ड की सितंबर माह की रैंकिंग में जिला प्रदेश के 75 जिलों में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि अगस्त 2026 में जिला 55वें स्थान पर था। महज एक माह में रैंकिंग में हुआ यह सुधार स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों को दर्शाता है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, जिले का कंपोजिट स्कोर 0.65 रहा। वहीं, ब्लॉक स्तर पर उतरौला और गैंड़ास बुजुर्ग 0.76 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहे, जबकि गैंसड़ी ने 0.75 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। रेहरा बाजार ब्लॉक ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए अगस्त के नौवें स्थान से आगे बढ़कर सितंबर में पांचवां स्थान हासिल किया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने इस उपलब्धि का श्रेय चिकित्सकों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को दिया। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X