Solan News:बच्चों संग दिवाली मनाई, स्वस्थ आदतों का दिया संदेश – Celebrated Diwali With Children And Shared A Message About Healthy Habits
ग्लेनमार्क फाउंडेशन ने आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाई दिवाली
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। इंस्टीट्यूट फॉर रिसर्च एंड ग्रोथ (आईआरजी) ने ग्लेनमार्क फाउंडेशन के सहयोग से आंगनबाड़ी केंद्र संडोली और स्वराज माजरा में बच्चों के साथ दिवाली मनाई। इस दौरान बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं और उन्हें त्योहार के महत्व के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम में बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें हरी सब्जियां और मौसमी फल खाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित रूप से हाथ धोने और आसपास साफ-सफाई रखने के बारे में भी बताया गया। आयोजकों ने बच्चों को स्वस्थ आदतें अपनाने का संदेश दिया।
गतिविधि में संस्थान की स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुषमा शर्मा और स्वयंसेवक रमनीक सिंह ने भागीदारी निभाई। उन्होंने बच्चों के साथ दिवाली की खुशियां साझा कीं। संस्थान के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य त्योहार की खुशियां बांटने के साथ बच्चों में पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। आईआरजी और ग्लेनमार्क फाउंडेशन सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयासरत हैं।
