हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली क्षेत्र में एक महिला और उसके बेटे को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला के बेटे के सामने उस पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने खुद आत्महत्या करने की धमकी भी दी। बाद में महिला का पीछा करते हुए वह पुलिस चौकी कुठाड़ पहुंच गया, जहां उसने खुद को गोली मारने की धमकी दी। एसपी सोलन टी साई वर्मा ने बताया कि यह घटना 10 नवंबर को बंगोआ निवासी महिला के घर में हुई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नरेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
घर में घुसकर महिला और बेटे को दिखाई पिस्तौल
पुलिस के अनुसार, आरोपी नरेंद्र कुमार महिला के घर में घुस आया था। इस दौरान उसने महिला और उसके बेटे के सामने पिस्तौल निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोपी की इस हरकत से परिवार के सदस्य भयभीत हो गए। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने महिला और उसके बेटे को धमकाने के साथ खुदकुशी करने की बात भी कही थी।