Solan News:बरोटीवाला की स्टील कंपनी में आयकर विभाग के दबिश, खंगाला गया रिकॉर्ड – Income Tax Department Raids Steel Company In Barotiwala; Records Examined
सुबह साढ़े सात बजे पहुंची टीम, अभी डटे हैं अधिकारी, पांवटा और पंजाब के परिसरों में भी कार्रवाई
कर्मचारियों को बाहर जाने की नहीं दी अनुमति, कंपनी के गेट पर पुलिस बल रहा तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में लोहा उद्योग प्राइम स्टील में आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी। वीरवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पहुंची टीम ने कंपनी परिसर में जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने कंपनी का रिकॉर्ड खंगाला और विभिन्न दस्तावेजों की जांच की। समाचार लिखे जाने तक छापेमारी जारी थी।
कार्रवाई के दौरान कंपनी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान वहां तैनात कर्मचारियों को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। वहीं, कंपनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात किया गया और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। इससे औद्योगिक क्षेत्र में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी रही।
जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीम ने प्राइम स्टील से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की है। इनमें पांवटा साहिब और पंजाब स्थित कंपनी के परिसर शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से कार्रवाई के कारणों और जांच के दायरे को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई के लिए बद्दी पुलिस से किसी प्रकार का सहयोग नहीं लिया गया है। कंपनी में विभाग की जांच जारी थी और कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा थी।
