Nainital News:मौसम में उतार-चढ़ाव से वायरल संक्रमण बढ़ा – Viral Infections Have Increased Due To Fluctuations In The Weather
खुश्क मौसम और तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। सर्दी, जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। बेस अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 50 से 60 मरीज वायरल संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों की संख्या भी अच्छी-खासी है। अस्पताल में हर दिन करीब 200 मरीजों की ओपीडी हो रही है। वहीं, सांस संबंधी दिक्कतों के चार से पांच मरीज भी रोजाना पहुंच रहे हैं।
एसटीएच में रोजाना संक्रमण के 10 से 12 मरीज आ रहे हैं। इसी तरह सांस के भी 15 से 20 मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं बेस अस्पताल की वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. विनीता निखुर्पा के अनुसार अब हेल्थी सीजन का मौसम शुरू हो रहा है लेकिन इस बीच मौसम में ठंड-गर्मी और बदलाव के चलते वायरल संक्रमण बढ़ रहा है। सांस के मरीजों को भी विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। सांस लेने में परेशानी, तेज बुखार और लगातार खांसी होने पर अस्पताल में आकर जांच कराएं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वायरल संक्रमण के ही मरीज आ रहे हैं।
डॉक्टर के सुझाव और बचाव के उपाय
– कोल्ड ड्रि्ंक, फ्रिज का पानी, दही आदि ठंडी चीजों का सेवन करने से बचें, सुबह-शाम बाहर निकलने में एहतियात बरतें।
– पर्याप्त मात्रा में गुनगुना पानी पीएं। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को ध्यान रखने की जरुरत।
– हाथों की नियमित सफाई और डॉक्टरी सलाह के बिना एंटीबायोटिक या अन्य दवा का सेवन न करें।
