शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Amethi News:वाहन की टक्कर से चाचा की मौत, भतीजा घायल – Uncle Killed, Nephew Injured After Being Hit By A Vehicle
अमेठी

Amethi News:वाहन की टक्कर से चाचा की मौत, भतीजा घायल – Uncle Killed, Nephew Injured After Being Hit By A Vehicle

November 7, 2026


Uncle killed, nephew injured after being hit by a vehicle

मुसाफिरखाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौजूद गमगीन मृतक के परिजन।

जगदीशपुर। भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र के सालपुर के पास शुक्रवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा की मौत हो गई। हादसे में उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर किया गया है।

मुसाफिरखाना क्षेत्र के हरदोइया गांव निवासी मंतराम (40) शुक्रवार को अपने भतीजे मोहित के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जगदीशपुर-सुल्तानपुर मार्ग पर सालपुर के पास उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के पास मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान की और परिजनों को सूचना दी।

इसके बाद घायलों को सीएचसी मुसाफिरखाना पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने मंतराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहित की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। एसओ अजयेंद्र पटेल ने बताया कि घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला है। आशंका है कि बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सालपुर में लखनऊ-वाराणसी हाईवे के मोड़ के पास बाइक अचानक मुड़ी। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हादसा हो गया। अंधेरा होने के कारण वाहन की पहचान नहीं हो सकी। सीओ अतुल सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मौत से घर वालों का बुरा हाल

मंतराम की मौत से परिवार में मातम छा गया। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां परमा बिलख उठीं। वह बार-बार बेटे को पुकारती रहीं। उनका विलाप सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पत्नी मीरा का भी रो-रोकर बुरा हाल है। बेटा अंकित पिता को याद कर फफक पड़ा। भाई संतराम, सत्यवान और रामधीरज समेत अन्य परिजन गमगीन हैं। रिश्तेदार शोकाकुल परिवार को ढाढ़स बंधाने में जुटे रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X