Faridabad News:फरीदाबाद के दो शिक्षकों ने बनाया पोर्टेबल एंडोस्कोपिक उपकरण – Two Teachers From Faridabad Have Developed A Portable Endoscopic Device
कम खर्च में हो सकेगी आंतरिक अंगों की जांच, ब्रिटेन में मिला डिजाइन पंजीकरण
गौरव मिश्रा
फरीदाबाद। शरीर के आंतरिक अंगों की जांच अब कम खर्च में संभव बनाने की दिशा में जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दो शिक्षकों ने अहम पहल की है। विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. सुनील जादव और डॉ. रोहित त्रिपाठी ने पोर्टेबल फ्लेक्सिबल एंडोस्कोपिक उपकरण तैयार किया है। इस तकनीक का उद्देश्य एंडोस्कोपी की जांच को कम खर्चीला और मरीजों के लिए सुविधाजनक बनाना है। एक अक्तूबर 2026 को इस उपकरण को ब्रिटेन में डिजाइन पंजीकरण मिला है।
दोनों शिक्षकों ने वर्ष 2024 में इस उपकरण पर काम शुरू किया था। करीब दो साल की मेहनत के बाद इसे तैयार किया गया। फिलहाल इसे बाजार में उतारने से पहले जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया पर काम किया जाएगा। इसके बाद इसे आम लोगों तक पहुंचाने की योजना है। आगामी छह महीने में प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, इसके बाद इसे आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इस उपकरण को तैयार करने में विश्वविद्यालय की भी भूमिका रही है। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि इसके लिए दो लाख का फंड जारी किया गया है।
बातचीत
हमारा उद्देश्य ऐसी तकनीक विकसित करना है, जिससे आंतरिक अंगों की जांच कम खर्च में हो सके। आगे जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर इसे आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। – डॉ. सुनील जादव
इस उपकरण को बाजार में लाने के लिए हेल्थकेयर कंपनियों और विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों से संपर्क करेंगे, ताकि इसका निर्माण और उपलब्धता बढ़ाई जा सके, इसकी योजना बनाई जा रही है। – डॉ. रोहित त्रिपाठी
