बलिया। दीपावली और छठ पर्व पर अपनों के बीच त्योहार मनाने के लिए महानगरों से घर लौटने वालों की भीड़ बढ़ने लगी है। दिल्ली, मुंबई, सूरत और अहमदाबाद समेत अन्य महानगरों से आने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव इस कदर बढ़ गया है कि कई ट्रेनों में बैठने तक की जगह नहीं मिल रही है। जनरल कोच में यात्रियों को दरवाजे पर खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। वहीं, कंफर्म टिकट नहीं मिलने से परिवार के साथ जनरल कोच में यात्रा करने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर होल्डिंग एरिया बनाकर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है।
स्टेशन के दोनों सर्कुलेटिंग एरिया में होल्डिंग एरिया बनाया गया है। इसका उद्देश्य ट्रेनों के आने से पहले प्लेटफार्म पर यात्रियों की अनावश्यक भीड़ जमा होने से रोकना है। होल्डिंग एरिया में यात्रियों के बैठने के लिए कुर्सियां और पेयजल की व्यवस्था की गई है। ट्रेन के आने से पहले यात्रियों को यहां रोका जाएगा। इसके बाद ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने पर उन्हें क्रमबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा। इससे प्लेटफार्म पर धक्का-मुक्की और अव्यवस्था की आशंका कम होगी।
रेलवे की ओर से चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन उनमें भी टिकटों की उपलब्धता सीमित होने से यात्रियों की परेशानी बरकरार है। ट्रेनों में जगह और कंफर्म टिकट नहीं मिलने का असर सड़क परिवहन पर भी दिखने लगा है। महानगरों से बलिया आने वाली लग्जरी बसों में यात्रियों की मांग बढ़ने के साथ किराये में भी 30 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हो गई है।
प्लेटफाॅर्म से प्रवेश द्वार तक सुरक्षा की निगरानी
आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। यात्रियों की आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार के साथ सर्कुलेटिंग एरिया में भी सतर्कता बरती जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस की टीमें यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण में जुटी हैं। यात्रियों को लगातार उद्घोषणा के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। उनसे ट्रेन आने से पहले प्लेटफार्म पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और निर्धारित रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की जा रही है।