शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कासगंज

Kasganj News:पिता का अधूरा सपना बेटा करेगा पूरा, केबीसी जूनियर्स के लिए मुंबई से आया बुलावा – Kasganj News Kbc Junior

November 8, 2026


कासगंज। पिता को जिस मुकाम तक पहुंचने का मौका मिला, वह सपना अब उनका बेटा पूरा करने की राह पर है। परिवहन निगम के प्रभारी एआरएम का करीब 3 माह पहले ‘कौन होनहार करोड़पति’ मराठी कार्यक्रम में चयन हुआ था, लेकिन विभाग से अवकाश न मिल पाने के कारण वह अगले चरण में शामिल होने के लिए मुंबई नहीं जा सके। अब उनके बेटे सूर्यांश प्रताप सिंह ने केबीसी जूनियर्स के ऑन ग्राउंड ऑडिशन राउंड में जगह बनाकर परिवार की उम्मीदों को नई उड़ान दी है। 5वीं कक्षा के छात्र सूर्यांश को 21 नवंबर को मुंबई में होने वाले ऑडिशन के लिए आमंत्रित किया गया है।

प्रभारी एआरएम नीरज कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि बेटे की यह उपलब्धि खास मायने रखती है। करीब 3 माह पहले कार्यक्रम में चयन के बाद उन्हें अगले चरण के लिए मुंबई जाना था, लेकिन विभागीय जिम्मेदारियों के चलते छुट्टी नहीं मिल सकी। इस कारण उनका आगे बढ़ने का सपना अधूरा रह गया। अब सूर्यांश ने अपनी प्रतिभा के दम पर उस सपने को नई दिशा दी है। केबीसी जूनियर्स के ऑन ग्राउंड ऑडिशन के लिए चयनित होने पर परिवार में खुशी का माहौल है। 21 नवंबर को मुंबई में होने वाले ऑडिशन को लेकर परिजन उत्साहित हैं। उन्हें उम्मीद है कि सूर्यांश इस अवसर का लाभ उठाकर सफलता हासिल करेगा और पिता के अधूरे सपने को पूरा करेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X