शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:खड़े हार्वेस्टर से टकराया छात्रों से भरा ऑटो, इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्रों की मौत; आठ घायल – Engineering Students Auto Harvester Accident Jehanabad Two Dead Eight Injured Today Bihar News
गया

बिहार:खड़े हार्वेस्टर से टकराया छात्रों से भरा ऑटो, इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्रों की मौत; आठ घायल – Engineering Students Auto Harvester Accident Jehanabad Two Dead Eight Injured Today Bihar News

November 8, 2026


बिहार के जहानाबाद जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गया में सेमेस्टर परीक्षा देकर लौट रहे हुलासगंज इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों से भरा ऑटो कंदौल गांव के पास सड़क पर खड़े हार्वेस्टर से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार छात्र और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो छात्रों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हैं। इनमें दो छात्रों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

परीक्षा देकर लौट रहे थे इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र

जानकारी के अनुसार, हुलासगंज इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र शनिवार को 2024-28 सत्र की सेमेस्टर परीक्षा देने गया गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी ने वापस लौटने के लिए एक ऑटो बुक किया था। ऑटो में कुल नौ छात्र सवार थे और चालक वाहन चला रहा था।

वापसी के दौरान जहानाबाद-गया बॉर्डर पर हुलासगंज थाना क्षेत्र के कंदौल गांव के पास ऑटो सड़क पर खड़े हार्वेस्टर से टकरा गया। बताया जा रहा है कि हार्वेस्टर का पहिया ब्लास्ट होने के कारण वह सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान ऑटो चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन हार्वेस्टर के पिछले हिस्से में जा घुसा।

ऑटो में फंसे छात्रों को निकालने में हुई मशक्कत

हादसे की सूचना मिलते ही हुलासगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हार्वेस्टर में फंसे छात्रों और ऑटो को बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी घायलों को हुलासगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, परिजनों के अनुरोध पर सभी को इलाज के लिए जहानाबाद के कुर्मा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

आदित्य राज और सौरव कुमार की इलाज के दौरान मौत

कुर्मा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दो छात्रों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान घोसी निवासी आदित्य राज और सौरव कुमार के रूप में हुई है। जहानाबाद की जिलाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया ने दोनों छात्रों की मौत की पुष्टि की है।

हादसे में घायल आठ लोगों में अविनाश कुमार, आकाश कुमार, मुन्ना कुमार, विकास कुमार, अनंत कुमार, अंकित कुमार, कुमार गौरव और आशीष कुमार शामिल हैं। इनमें दो छात्रों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी छह घायलों का इलाज कुर्मा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

डीएम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना

हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया कुर्मा मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। उन्होंने घायल छात्रों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। डीएम ने अस्पताल के निदेशक और चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, जहानाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा भी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों के इलाज और उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X