बीकानेर:डॉक्टर की गैरमौजूदगी में प्रसव, 26 वर्षीय प्रसूता की मौत; अस्पताल में हंगामा – Bikaner Mahajan Hospital Woman Dies During Childbirth Doctor Absence Negligence Allegation
राजस्थान के बीकानेर जिले के महाजन कस्बे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में हंगामा हो गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में चिकित्सक की अनुपस्थिति में प्रसव कराया गया। इस दौरान प्रसूता की तबीयत बिगड़ने पर उसे समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका, जिससे उसकी मौत हो गई।
डॉक्टर की गैरमौजूदगी में कराया प्रसव, बिगड़ती गई हालत
जानकारी के अनुसार, महाजन कस्बे के वार्ड नंबर दो निवासी कोमल ओझा (26) को शनिवार दोपहर प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के समय अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। डॉक्टर की गैरमौजूदगी में ही प्रसव की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।इस दौरान कोमल की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में कोई जिम्मेदार चिकित्सक मौजूद नहीं होने के कारण उसे समय पर जरूरी उपचार और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल सकीं। आखिरकार प्रसूता ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।
ड्यूटी से गायब रहते हैं डॉक्टर और कर्मचारी, फर्जी हाजिरी का आरोप
महिला की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और परिसर में धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर और अधिकांश कर्मचारी अक्सर ड्यूटी से नदारद रहते हैं। इसके बावजूद उपस्थिति रजिस्टर में उनके नियमित रूप से हस्ताक्षर दर्ज होते हैं। आरोप है कि अस्पताल में मौजूद दूसरे कर्मचारी भी अनुपस्थित चिकित्सकों की हाजिरी दर्ज कर देते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब छह महीने पहले भी अस्पताल में डॉक्टरों की कमी और अव्यवस्थाओं को लेकर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद शासन की ओर से दो डॉक्टरों की नियुक्ति की गई थी। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि नियुक्ति के बावजूद दोनों चिकित्सक नियमित रूप से अस्पताल नहीं आते हैं।
सीएमएचओ मौके पर पहुंचे, जांच और कार्रवाई का आश्वासन
अस्पताल में हंगामे और विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पुखराज साध मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की स्थिति का जायजा लिया और मामले की प्राथमिक जांच शुरू की। सीएमएचओ ने पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, परिजनों और ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने, प्रसव के दौरान मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका तय करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही अस्पताल में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।
