शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सीतापुर

Sitapur News:एक ही चिता पर हुआ मां-बेटी का अंतिम संस्कार – Mother And Daughter Cremated On The Same Funeral Pyre

November 8, 2026


पिसावां। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों के शव पोस्टमार्टम बाद गांव पहुंचे। एक साथ पांच अर्थियां उठीं तो पूरे गांव में मातम पसर गया। अपनों के शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। किसी का घर उजड़ गया तो किसी ने अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों को खो दिया। हादसे में जान गंवाने वाली मां-बेटी का अंतिम संस्कार भी एक ही चिता पर किया गया।

हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के नारीखेड़ा गांव निवासी हरिनाम अपने बेटे अभी का मुंडन संस्कार कराने के लिए उसे लेकर अपनी ससुराल बरगावां आए थे। मुंडन संस्कार के बाद सभी महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस गांव लौट रही थीं, जबकि मुंडन कराने वाला बच्चा और उसके परिजन दूसरे वाहन से आ रहे थे। शाम करीब पांच बजे बरगावां-पिहानी मार्ग पर कुलहाघाट हिम्मतनगर के पास ट्रक की चपेट में आने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी।

हादसे में बरगावां निवासी रूबी (22), उनकी मां सुशीला (50), सुनीता (40), रामवती (58) और हरदोई के शाहाबाद क्षेत्र के हैदरपुर निवासी काजल (10) की मौत हो गई थी। इसके अलावा 17 लोग घायल हो गए थे। शनिवार को शवों के गांव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। मृतकों के घरों के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। दोपहर बाद गांव के निकट ही घाट पर रूबी, सुशीला, सुनीता और काजल का अंतिम संस्कार किया गया। इनमें काजल को दफन किया गया। रूबी और उनकी मां सुशीला का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। वहीं, रामवती के बेटे के दिल्ली से लौटने के बाद अंतिम संस्कार किया गया।

जनप्रतिनिधियों ने बंधाया ढांढस

विधायक शशांक त्रिवेदी ने शव पहुंचने के बाद मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन की ओर से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। सपा सांसद आनंद भदौरिया और पूर्व विधायक अनूप गुप्ता ने भी पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। दोनों नेताओं की ओर से मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार रुपये तथा घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

आरोपी ट्रक चालक गिरफ्तार

फोटो- 38

पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। सीओ नागेंद्र ने बताया कि देर रात आईजी रेंज लखनऊ किरण एस अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। रात में ही शवों का पोस्टमार्टम भी हो गया था। ट्रक चालक की पहचान लखीमपुर खीरी के मैगलगंज कस्बा निवासी रामनिवास मिश्र के रूप में हुई। जिसे पिसावां पुलिस ने जल्लापुर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर उसके खिलाफ अन्य कार्रवाई की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X