शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
करनाल

Karnal News:स्वाति नक्षत्र और आयु योग में आज मनेगी दिवाली, कल सोमवती अमावस्या – Diwali Will Be Celebrated Today Under The Swati Nakshatra And Ayushya Yoga; Somvati Amavasya Falls Tomorrow

November 8, 2026


करनाल। इस बार दिवाली का पर्व रविवार को स्वाति नक्षत्र और आयु योग के शुभ संयोग में मनाया जाएगा। लक्ष्मी पूजा का मुख्य मुहूर्त शाम 5:55 से रात 7:30 बजे तक रहेगा। इस दौरान शुभ और अमृत चौघड़िया का भी संयोग रहेगा। शुभ मुहूर्त में कुबेर पूजा, लक्ष्मी-गणेश पूजन, बहीखाता पूजन और दीपदान करना विशेष फलदायी माना गया है। वहीं, तुला राशि में चंद्रमा, बुध और सूर्य के संचरण से त्रिग्रही योग का संयोग भी बन रहा है।

पंडित मांगे राम शर्मा और पंडित विनोद शास्त्री ने बताया कि इस बार प्रदोष काल में अमावस्या तिथि होने के कारण आठ नवंबर को दिवाली मनाई जाएगी। शाम 5:55 से रात 7:30 बजे तक लक्ष्मी-गणेश पूजन का विशेष शुभ मुहूर्त रहेगा। वृषभ राशि के स्थिर लग्न में पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान स्वाति नक्षत्र का योग रहेगा। ज्योतिष शास्त्र में इस नक्षत्र को स्वतंत्रता, प्रगति, व्यापार और उन्नति से जोड़कर देखा जाता है। वहीं, शुक्र ग्रह को सुख, वैभव और ऐश्वर्य का कारक माना गया है। इसके चलते इस बार दिवाली पर बने ज्योतिषीय संयोगों को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

निशीथ और महानिशीथ काल में भी पूजा का मुहूर्त

दिवाली पर निशीथ काल रात 8:11 से 10:52 बजे तक रहेगा। वहीं, महानिशीथ काल रात 10:52 बजे से देर रात 1:33 बजे तक रहेगा। इस अवधि में भी पूजा-अर्चना के विशेष मुहूर्त रहेंगे।

सोमवती अमावस्या पर स्नान-दान का विशेष महत्व

दिवाली के अगले दिन सोमवार को सोमवती अमावस्या का संयोग रहेगा। अमावस्या तिथि रविवार सुबह 11:29 बजे शुरू होकर सोमवार दोपहर 12:32 बजे तक रहेगी। सोमवती अमावस्या पर पवित्र नदियों में स्नान, दान, पितरों का तर्पण और भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है। महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना से पूजा-अर्चना करती हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X