Kotdwar News:एक मुट्ठी दान से बच्चों ने जरूरतमंदों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान – With A Handful Of Donations, Children Brought Smiles To The Faces Of The Needy
एमकेवीएन में ग्रीन दिवाली का संदेश, उत्तराखंडी परिधान में रैंप वॉक ने मोहा मन
कोटद्वार। एमकेवीएन इंटरनेशनल स्कूल देवी रोड के छात्र-छात्राओं ने दीपावली पर एक मुट्ठी दान, किसी की मुस्कान अभियान चलाकर सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की गई।
अभियान के तहत बच्चों ने अपनी पॉकेट मनी और घरों से स्वेच्छा से खाद्य सामग्री, अन्न, वस्त्र और मिठाइयां एकत्र कीं। इसके बाद देवी मंदिर परिसर सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर जरूरतमंदों को सामग्री वितरित की। बच्चों ने कहा कि असली दीपावली किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाने में है। प्रधानाचार्य ज्योति कुलाश्री, स्कूल कोऑर्डिनेटर रचना और शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
कोऑर्डिनेटर रचना ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य किताबी ज्ञान के साथ बच्चों में दया, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। विद्यालय में रंगोली, दीया सजावट, क्राफ्ट और क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिताएं भी हुईं। उत्तराखंडी पारंपरिक परिधान में बच्चों की रैंप वॉक आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, ग्रीन दिवाली जागरूकता अभियान के तहत बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश दिए। दीपावली पर्व के मौके पर कार्यकारी निदेशक मयंक प्रकाश कोठारी के निर्देशन में एमकेवीएन की दुर्गापुरी और कण्वघाटी शाखाओं में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
