Ghaziabad News:25 पुलिसकर्मियों की तैनाती, धमाके के वक्त चौकी पर सिर्फ एक दरोगा – 25 Police Personnel Deployed; Only One Sub-inspector Present At The Outpost At The Time Of The Blast
गाजियाबाद। वसुंधरा पुलिस चौकी पर 25 पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद धमाके के वक्त वहां महज एक उपनिरीक्षक (दरोगा) की मौजूदगी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। चौकी पर आठ उपनिरीक्षक, चार हेड कांस्टेबल और 13 कांस्टेबल तैनात हैं। इसके बावजूद जब चौकी को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई जा रही है, तब सुरक्षा और फरियादियों की सुनवाई की जिम्मेदारी एक दरोगा के भरोसे थी। सवाल है कि इतनी बड़ी संख्या में तैनात पुलिसकर्मी घटना के वक्त कहां थे?
कमिश्नरेट पुलिस की कार्यशैली पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। शाम ढलने के बाद कई थानों और चौकियों पर पुलिसकर्मियों की संख्या कम होने और पहरे की व्यवस्था कमजोर रहने की शिकायतें सामने आती रही हैं। वसुंधरा चौकी पर धमाके के दौरान पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी ने एक बार फिर इस व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी है। दूसरी ओर खुफिया तंत्र भी संभावित खतरे का पहले से पता लगाने में नाकाम रहा। चौकी की इमारत की जर्जर हालत ने भी सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा चौकी पॉश कॉलोनियों वाले इलाके में स्थित है। कमिश्नरेट पुलिस ने क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए यहां 25 पुलिसकर्मियों का स्टाफ तैनात कर रखा है। अधिकारियों का दावा है कि 10 से अधिक पुलिसकर्मी गश्त पर थे, जबकि कुछ फैंटम मोबाइल पर ड्यूटी कर रहे थे। हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद चौकी पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
चर्चा है कि घटना के समय कुछ पुलिसकर्मी अवैध रूप से पटाखे बेचने वाले दुकानदारों से बातचीत में मशगूल थे। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी सवाल है कि जब क्षेत्र में पटाखों की अवैध बिक्री की शिकायतें थीं तो पुलिस की निगरानी और कार्रवाई कितनी प्रभावी थी।
दिवाली के चलते जिलेभर में विशेष चौकसी बरती जा रही है। ऐसे में चौकी में तैनात अधिकांश पुलिसकर्मी हादसे के दौरान गश्त पर थे। पटाखे बेचने वाले दुकानदारों से बातचीत की चर्चा को लेकर जांच कराई जाएगी। अगर किसी की लापरवाही सामने आती है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-राजकरण नैय्यर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध)
