ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा ने 2018 के चर्चित सैंडपेपरगेट विवाद को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ने के बाद अब मीडिया की आलोचनाओं का जवाब दिया है। ख्वाजा की आने वाली आत्मकथा ‘सब्र’ (Sabr) में दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान हुए बॉल टेंपरिंग विवाद को लेकर कई खुलासे किए गए हैं। उन्होंने दावा किया है कि गेंद की स्थिति बदलने की चर्चा और इस घटना की जिम्मेदारी केवल तीन खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की थी। ख्वाजा ने स्टीव स्मिथ, कैमरन बैनक्रॉफ्ट और डेविड वॉर्नर को इस विवाद का असली पीड़ित बताया है।
ख्वाजा ने इंस्टाग्राम पर दो हिस्सों में वीडियो जारी कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी साथी खिलाड़ी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि पूरी टीम की सामूहिक जिम्मेदारी तय करना है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि बचपन के दोस्त डेविड वॉर्नर से उन्होंने सच सामने लाने का वादा किया था।