भारतीय पर्वतारोही कविता चंद ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर नया भारतीय रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने महज 22 घंटे 36 मिनट में चोटी पर चढ़ाई करने और वापस शुरुआती स्थान तक पहुंचने का सफर पूरा किया। इसके साथ ही वह 24 घंटे से कम समय में किलिमंजारो का राउंड ट्रिप पूरा करने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। उन्होंने 12 घंटे 46 मिनट में 5895 मीटर ऊंची उहुरू पीक पर पहुंचकर एक और शानदार उपलब्धि हासिल की। कविता ने यह चुनौती मवेका गेट-उहुरू पीक-मवेका गेट रूट के जरिए पूरी की। आमतौर पर किलिमंजारो की चढ़ाई और वापसी में पांच से नौ दिन का समय लगता है। इसकी वजह अधिक ऊंचाई पर शरीर को वातावरण के अनुकूल बनाने (एक्लिमेटाइजेशन) की जरूरत होती है। ऐसे में कविता की यह उपलब्धि उनकी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और कठिन तैयारी को दर्शाती है।