शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सीतापुर

Sitapur News:जिला अस्पताल में 10 बेड रिजर्व, बर्न यूनिट में अलर्ट – 10 Beds Reserved At District Hospital; Burn Unit On Alert

November 8, 2026


सीतापुर। दिवाली पर्व पर किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया है। इसके तहत जिला अस्पताल में 10 बेड रिजर्व किए गए हैं। इसके साथ ही बर्न यूनिट में भी सुविधाएं बढ़ाई गई हैं, ताकि आतिशबाजी से झुलसने वाले मरीजों को तत्काल बेहतर इलाज मिल सके। विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी ऑन कॉल उपलब्ध रहने के निर्देशित किया है।

दिवाली पर पटाखों और आतिशबाजी के दौरान आग से झुलसने, आंखों में चोट लगने और अन्य हादसों की आशंका रहती है। इसे देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने पहले से ही तैयारियां पूरी कर ली हैं। इमरजेंसी सेवाओं को विशेष रूप से सक्रिय रखा जाएगा। चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है, जिससे 24 घंटे मरीजों को उपचार मिल सके। अस्पताल प्रशासन ने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां भी निरस्त कर दी हैं। सभी को निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जरूरत पड़ने पर संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों को तत्काल अस्पताल बुलाया जा सकेगा। बर्न यूनिट में जरूरी संसाधनों और उपचार संबंधी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार दिया जाएगा। सीएमएस डॉ. इंद्र सिंह ने बताया कि सभी इंतजाम कर लिए गए हैं।

हर सीएचसी पर मौजूद रहेगी दो एंबुलेंस

सीएमओ डॉ. सुखरंजन समद्दर ने बताया कि दीपावली के मौके पर जिले की सभी 22 सीएचसी को पूरी तरह मुस्तैद रहने के लिए कहा गया। इस दौरान मरीजों को 24 घंटे इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके लिए प्रत्येक सीएचसी पर दो एंबुलेंस की तैनाती भी रहेंगी। ताकि गंभीर हालत होने पर मरीज को तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया जा सके। प्रत्येक सीएचसी पर सीएचसी अधीक्षक की मौजूदगी को भी अनिवार्य बनाया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X