शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
जोधपुर सरपंच चुनाव:दक्षा ने 898 वोटों से दर्ज की बड़ी जीत, दो पंचायतों में सिर्फ तीन मतों से फैसला – Jodhpur Sarpanch Election Daksha Victory Three Vote Margin Rajasthan Panchayat Results
जोधपुर

जोधपुर सरपंच चुनाव:दक्षा ने 898 वोटों से दर्ज की बड़ी जीत, दो पंचायतों में सिर्फ तीन मतों से फैसला – Jodhpur Sarpanch Election Daksha Victory Three Vote Margin Rajasthan Panchayat Results

October 28, 2026


जोधपुर जिले की छह पंचायत समितियों में प्रथम चरण के सरपंच चुनाव के नतीजों में कहीं प्रत्याशियों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की तो कहीं मुकाबला बेहद करीबी रहा। आगोलाई पंचायत समिति की भाटेलाई पुरोहितान ग्राम पंचायत में दक्षा ने सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनिता को 898 वोटों से हराया। वहीं, दो ग्राम पंचायतों में हार-जीत का फैसला महज तीन-तीन वोटों के अंतर से हुआ। चुनाव में कई प्रत्याशियों को एक हजार से अधिक वोट मिले, जबकि कुछ पंचायतों में नोटा को भी उल्लेखनीय संख्या में मत प्राप्त हुए।

भाटेलाई पुरोहितान में दक्षा की सबसे बड़ी जीत

आगोलाई पंचायत समिति की भाटेलाई पुरोहितान ग्राम पंचायत में दक्षा ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें कुल 1,183 वोट मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनिता को 248 वोट ही प्राप्त हुए। इस तरह दक्षा ने 898 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

कई पंचायतों में प्रत्याशियों को मिले एक हजार से अधिक वोट

सरपंच चुनाव में कई ग्राम पंचायतों में प्रत्याशियों ने एक हजार से अधिक वोट हासिल किए। भांडू जाटी ग्राम पंचायत से धापूदेवी ने 1,190 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की। सेखाला पंचायत समिति की केतु कलां ग्राम पंचायत में दीनू कंवर को 1,295 वोट मिले। शेरगढ़ में महिपाल सिंह को 1,306 वोट और राहुल जैन को 1,191 वोट प्राप्त हुए। वहीं, शेरगढ़ की तेना ग्राम पंचायत में पप्पू कंवर ने 1,215 वोट हासिल किए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी हेमा कंवर को 1,124 वोट मिले। दौलत सिंह नगर में रानी देवी को 509 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी को 67 वोट मिले।

दो पंचायतों में महज तीन वोटों से हार-जीत का फैसला

जोधपुर जिले की कुछ ग्राम पंचायतों में मुकाबला इतना करीबी रहा कि जीत का अंतर केवल कुछ वोटों का रहा। सेखाला पंचायत समिति की हापासर ग्राम पंचायत में माधु राम ने हिम्मताराम को महज तीन वोटों से हराया। इसी तरह, बालेसर पंचायत समिति की राजगढ़ ग्राम पंचायत में भी जीत का अंतर केवल तीन वोट रहा। यहां बाया को 358 वोट मिले, जबकि बिदामी को 355 वोट प्राप्त हुए। इस तरह बाया ने तीन वोटों से जीत दर्ज की।

विजयनगर में चेतन कंवर आठ वोटों से जीतीं

बालेसर पंचायत समिति की विजयनगर ग्राम पंचायत में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। यहां चेतन कंवर को 412 वोट मिले, जबकि गुलाब कंवर ने 404 वोट हासिल किए। चेतन कंवर ने आठ वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।

नोटा को भी मिले उल्लेखनीय वोट

सरपंच चुनाव में मतदाताओं ने प्रत्याशियों के साथ-साथ नोटा (इनमें से कोई नहीं) का भी विकल्प चुना। सेखाला ग्राम पंचायत में सबसे अधिक 41 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। इसके अलावा, सेखाला पंचायत समिति की प्रतापगढ़ ग्राम पंचायत में 17 और केतु कलां में 16 मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया। चाबा पंचायत समिति की सोमेसर ग्राम पंचायत में नोटा को 30 वोट मिले। वहीं, शेरगढ़ ग्राम पंचायत में 21 और सोहनगढ़ ग्राम पंचायत में 20 मतदाताओं ने किसी भी प्रत्याशी को नहीं चुनते हुए नोटा के पक्ष में मतदान किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X