Saharanpur News:कोर्ट रोड पर कार खड़ी करने को लेकर महिला और युवक के बीच झड़प – Altercation Between A Woman And A Young Man Over Parking A Car On Court Road
सहारनपुर। कोर्ट रोड पर पुलिस चौकी के पास सड़क किनारे कार खड़ी करने को लेकर महिला और युवक के बीच झड़प हो गई। आरोप है कि महिला ने कार का शीशा तोड़ा और युवक की पत्नी से भी अभद्रता की। गिरेबान पकड़ने तक की नौबत आई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी छुड़ाने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए।
कोर्ट रोड पर शनिवार शाम युवक अपनी पत्नी के साथ कार से खरीदारी करने के लिए पहुंचा। कार को कोर्ट रोड पर पुलिस चौकी के पास खड़ी कर दी। इसके बाद पत्नी दूसरी तरफ दुकान से खरीदने लगी थी, जबकि युवक कार के पास खड़ा रहा। इसी दौरान वहां मौजूद एक महिला ने कार खड़ी करने पर आपत्ति जताई। युवक और महिला के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई। आरोप है कि महिला ने कार का शीशा तोड़ दिया। युवक की पत्नी भी मौके पर आ गई। देखते-ही-देखते मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
चौकी से पुलिसकर्मी भी बाहर आ गए। महिला और युवक के बीच जमकर झड़प हुई। बीच में आई युवक की पत्नी से भी महिला ने गाली-गलौज की, लेकिन मौके पर खड़े पुलिसकर्मियों ने छुड़ाने की हिम्मत नहीं दिखाई। आसपास के लोगों ने हिम्मत दिखाई और बीच-बचाव कराया। तब जाकर मामला शांत हुआ। उधर, सीओ द्वितीय विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि किसी की तरफ से तहरीर नहीं आई है। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है।
