शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:756 रुपये के रिफंड के लालच में गंवाए 2.65 लाख रुपये, पेटीएम कर्मचारी बनकर छह दिन तक ठगते रहे – Rajasthan: Man Loses Rs 2.65 Lakh After Being Lured By The Promise Of A Rs 756 Refund
चित्तौड़गढ़

राजस्थान:756 रुपये के रिफंड के लालच में गंवाए 2.65 लाख रुपये, पेटीएम कर्मचारी बनकर छह दिन तक ठगते रहे – Rajasthan: Man Loses Rs 2.65 Lakh After Being Lured By The Promise Of A Rs 756 Refund

November 9, 2026


Rajasthan: Man loses Rs 2.65 lakh after being lured by the promise of a Rs 756 refund

साइबर अपराध

विस्तार

756 रुपये के रिफंड का लालच देकर साइबर ठगों ने एक नाश्ता विक्रेता के बैंक खाते से कुल 2.65 लाख रुपये उड़ा लिए। आरोपी खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताकर लगातार छह दिन तक पीड़ित को भरोसे में लेते रहे। इस दौरान ठगों ने खाते में जमा रकम साफ करने के साथ-साथ पीड़ित के मोबाइल फोन से ऑनलाइन लोन भी स्वीकृत करा लिया। धोखाधड़ी का पता चलने के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस थाना सदर चित्तौड़गढ़ ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

रिफंड का झांसा देकर लिया मोबाइल

नरपत की खेड़ी निवासी अशोक चौबिसा ने बताया कि 1 नवंबर को एक अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचा। उसने खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताते हुए उनके खाते की जांच करने की बात कही। इसके बाद उसने अशोक का मोबाइल फोन लिया और करीब 15 से 20 मिनट तक उसमें कुछ प्रक्रिया की। जाते समय उसने बताया कि कंपनी की ओर से 756 रुपये अतिरिक्त जमा हैं, जो जल्द ही खाते में वापस भेज दिए जाएंगे। अगले दिन 2 नवंबर को वही व्यक्ति फिर दुकान पर आया। 756 रुपये खाते में नहीं आने की बात सुनकर उसने दोबारा मोबाइल फोन लिया और काफी देर तक उसमें तकनीकी सुधार करने का दावा करता रहा।

लोन लेकर निकाली पूरी रकम

इसके बाद 3 और 4 नवंबर को चुनाव कार्य के कारण अशोक की दुकान बंद रही। इस दौरान ठगों ने फोन करके दुकान बंद होने का कारण पूछा। 5 नवंबर की सुबह बेंगलुरु के एक नंबर से फोन आया और खुद को कंपनी का कर्मचारी बताकर 756 रुपये मिलने के बारे में जानकारी ली। इसके करीब आधे घंटे बाद एक अन्य व्यक्ति दुकान पर पहुंच गया। उसने रिफंड की शिकायत दर्ज कराने के बहाने फिर से पीड़ित का मोबाइल फोन हाथ में लिया। इसी दौरान ठगों ने पीड़ित के मोबाइल फोन से 95 हजार रुपये का ऑनलाइन लोन ले लिया। तकनीकी जानकारी न होने के कारण पीड़ित इसे रिफंड प्रक्रिया का ही हिस्सा मानते रहे।

खाते की जांच पर हुआ खुलासा

राज 6 नवंबर को खुला, जब अशोक ने अपने फोन  में बैंक खाते का विवरण देखा। खाते में जमा 1.70 लाख रुपये और ऑनलाइन लोन के 95 हजार रुपये गायब हो चुके थे। खाते में केवल करीब 5 हजार रुपये ही बचे थे। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर से यह जीरो नंबर प्राथमिकी सीसीटीएनएस के माध्यम से पुलिस थाना सदर चित्तौड़गढ़ भेजी गई, जहां पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X